राँची पुलिस के ‘जनशिकायत समाधान कार्यक्रम’ में उमड़े फरियादी: 119 मामलों में से 73 का मौके पर ही हुआ निपटारा

राँची। राँची जिला अंतर्गत विभिन्न थाना एवं ओ०पी० क्षेत्रों में आम जनता की समस्याओं को सुनने और उनकी शिकायतों का त्वरित निपटारा करने के उद्देश्य से बुधवार (29.07.2026) को ‘जनशिकायत समाधान कार्यक्रम’ का आयोजन किया गया। आमजनों को अधिक से अधिक विधिक सहायता पहुँचाने के लिए कार्यक्रम का समय-सारणी पूर्व में ही प्रेस, सोशल मीडिया एवं प्रबुद्ध नागरिकों के माध्यम से प्रसारित किया गया था।

​कार्यक्रम की खास बात यह रही कि स्वयं राकेश रंजन वरीय पुलिस अधीक्षक राँची ने पूर्वनिर्धारित कार्यक्रम के तहत लोअरबाजार थाना में उपस्थित रहकर फरियादियों की शिकायतें सुनीं। वहीं पारस राणा नगर पुलिस अधीक्षक ने गोन्दा थाना में, गौरव गोस्वामी ग्रामीण पुलिस अधीक्षक ने रातू थाना में तथा राकेश सिंह यातायात पुलिस अधीक्षक ने धुर्वा थाना में उपस्थित रहकर आम नागरिकों से मुलाकात की और उनकी समस्याओं का निष्पादन किया। इसके अलावा जिले के सभी पुलिस उपाधीक्षक एवं थाना/ओ०पी० प्रभारी अपने-अपने क्षेत्रों में दिनभर उपस्थित रहकर जन-सुनवाई करते रहे।

​हर बुधवार को आयोजित होता है कार्यक्रम

​राँची पुलिस द्वारा आम जनता के लिए थाना स्तर पर मुलाकात कर शिकायतों के तुरंत निष्पादन हेतु यह विशेष कार्यक्रम प्रत्येक सप्ताह बुधवार को नियमित रूप से आयोजित किया जाता है। इसमें फरियादी सीधे वरीय पदाधिकारियों के समक्ष अपनी समस्या रखते हैं, जिस पर मौके पर ही निष्पादित करने पर जोर दिया जाता है।

​03 गंभीर मामलों में प्राथमिकी (FIR) दर्ज

​जनसुनवाई के दौरान 03 अत्यधिक संवेदनशील मामले सामने आए। एसएसपी राँची के स्पष्ट निर्देश पर संबंधित थानों में तुरंत एफआईआर (FIR) दर्ज कर पुलिस अनुसंधान शुरू कर दिया गया है। इनमें सदर थाना में काण्ड संख्या 358/26 एवं 359/26 तथा धुर्वा थाना में काण्ड संख्या 185/26 दर्ज किया गया है।

​प्रमुख थानों का ब्योरा

​बुधवार को आयोजित इस जन-सुनवाई में जिले के विभिन्न थानों में शिकायतों की स्थिति इस प्रकार रही:

लोअर बाजार थाना: कुल 08 आवेदन प्राप्त हुए और सभी 08 आवेदनों का त्वरित निष्पादन कर दिया गया।

सदर थाना: कुल 08 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 06 का निष्पादन हुआ तथा 02 मामलों में एफआईआर दर्ज की गई।

​बरियातु एवं डोरण्डा थाना: बरियातु में 07 में से 06 मामलों का निपटारा हुआ, जबकि डोरण्डा थाना में प्राप्त सभी 07 आवेदनों का शत-प्रतिशत निष्पादन कर दिया गया।

रातू, लापुंग एवं चान्हो थाना: रातू में 06 में से 02, लापुंग में 06 में से 03 तथा चान्हो थाना में 06 में से 04 मामलों का त्वरित समाधान किया गया।

​धुर्वा थाना: 03 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें 02 का समाधान हुआ और 01 मामले में FIR दर्ज की गई।

सुखदेवनगर, अरगोडा एवं बुण्डू थाना: सुखदेवनगर में प्राप्त 03, अरगोडा में 03 तथा बुण्डू थाना में प्राप्त 03 सभी आवेदनों का निष्पादन आज ही कर दिया गया।

अन्य थाने: हिन्दपीढी (05 में 02), चुटिया (04 में 02), लालपुर (03 में 01), अनगड़ा (02 में 02), ठाकुरगाँव (02 में 02), बेड़ो, सिकिदरी, पिठौरिया, मुरी एवं पण्डरा ओ०पी० में प्राप्त शत-प्रतिशत मामलों का निष्पादन किया गया।

​जिले भर से प्राप्त कुल 119 आवेदनों में से त्वरित कार्रवाई करते हुए 73 शिकायतों का निष्पादन आज ही कर दिया गया। 03 मामलों में प्राथमिकी दर्ज हुई है, जबकि शेष 43 मामलों में पुलिस अधिकारियों द्वारा गुणवत्तापूर्ण और पारदर्शी तरीके से जाँच की जा रही है ताकि फरियादियों को जल्द से जल्द न्याय मिल सके। 

error: Content is protected !!