मदरसा हुसैनिया के 7वीं के दो छात्र लापता: 27 जुलाई को डोरंडा से कडरू की ओर निकले थे, तीन दिन बाद भी सुराग नहीं; अरगोड़ा थाने में केस दर्ज

– डोरंडा से निकला कडरू हज हाउस के पास देखे जाने के बाद संदिग्ध परिस्थिति में गायब हुए 13 वर्षीय मो. वैदुल्लाह और असकर जमील; पुलिस तलाश में जुटी
राँची।राजधानी राँची मदरसा हुसैनिया में पढ़ने वाले 7वीं कक्षा के दो मासूम छात्र संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गए हैं। दोनों बच्चे बीते 27 जुलाई को दोपहर 2-3 बजे डोरंडा से कडरू निकले थे, जिसके बाद से उनका कोई सुराग नहीं मिल सका है। घटना को लेकर पीड़ित परिजन असकर जमील द्वारा अरगोड़ा थाने में लिखित आवेदन देकर केस दर्ज कराया गया है। आवेदन मिलने के बाद पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर दोनों बच्चों की खोजबीन और संभावित ठिकानों पर छापेमारी शुरू कर दी है। लापता बच्चों में मो. वैदुल्लाह (पिता: तबारक रज़ा, पता: इटकी लोहरदगा) और असकर जमील (पिता: असकर जमील, उम्र: 13 वर्ष, पता: नेजाम नगर, गली नंबर 4, डोरंडा) शामिल हैं।आवेदनकर्ता के अनुसार, 27 जुलाई को दोनों बच्चों को कडरू हज हाउस के पास देखा गया था।
मदरसा गए न रिश्तेदार के घर, परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल
दर्ज प्राथमिकी के अनुसार, 27 जुलाई को जब शाम में दोनों बच्चे न तो मदरसा हुसैनिया पहुंचे और न ही अपने परिजनों, रिश्तेदारों या दोस्तों के घर लौटे। काफी खोजबीन और नाते-रिश्तेदारों में पूछताछ करने के बावजूद जब उनका कोई पता नहीं चला, तब परिजनों ने 28 जुलाई को पुलिस की शरण ली। परिजनों का कहना है कि इससे पहले कभी ऐसा नहीं हुआ कि बच्चे बिना बताए कहीं गए हों। 3 दिन बीत जाने के बाद भी मासूमों का कोई पता न चलने से परिवार के लोग किसी अनहोनी की आशंका से बेहद डरे और सहमे हुए हैं। पुलिस कडरू हज हाउस के आसपास के इलाकों के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है, ताकि बच्चों के मूवमेंट का पता लगाया जा सके।

