जेपीएससी-जेएसएससी में कथित अनियमितताओं के विरोध में छात्रों का हल्लाबोल,राँची में घंटों जाम रही सड़कें

राँची।झारखण्ड लोक सेवा आयोग (जेपीएससी) और झारखण्ड कर्मचारी चयन आयोग (जेएसएससी) में कथित अनियमितताओं के विरोध में बुधवार को राजधानी राँची में छात्रों का आक्रोश सड़कों पर देखने को मिला। बड़ी संख्या में छात्र जयपाल सिंह स्टेडियम से एकजुट होकर अलबर्ट एक्का चौक तक विरोध मार्च में शामिल हुए। हाथों में तख्तियां और बैनर लिए प्रदर्शनकारियों ने आयोगों में पारदर्शिता, निष्पक्ष भर्ती प्रक्रिया और कथित गड़बड़ियों की उच्चस्तरीय जांच की मांग को लेकर जमकर नारेबाजी की।

विरोध मार्च के अलबर्ट एक्का चौक पहुंचने के बाद छात्र वहीं धरने पर बैठ गए। कई घंटों तक चले इस प्रदर्शन के कारण राजधानी की यातायात व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई। शहर के सबसे व्यस्त चौराहों में शामिल अलबर्ट एक्का चौक तथा उससे जुड़े मेन रोड, कचहरी चौक, शास्त्री चौक और आसपास के मार्गों पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। जाम के कारण कार्यालय जाने वाले लोगों, विद्यार्थियों और आम नागरिकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। कई एंबुलेंस भी जाम में फंस गईं, जिससे मरीजों और उनके परिजनों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ा।

प्रदर्शन के दौरान छात्रों ने आरोप लगाया कि जेपीएससी और जेएसएससी की विभिन्न भर्ती परीक्षाओं में लगातार अनियमितताओं की शिकायतें सामने आती रही हैं। उन्होंने मांग की कि इन मामलों की निष्पक्ष और उच्चस्तरीय जांच कराई जाए तथा दोषी अधिकारियों और संबंधित लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि भर्ती प्रक्रियाओं में पारदर्शिता और निष्पक्षता सुनिश्चित करना सरकार की जिम्मेदारी है, ताकि युवाओं का भरोसा कायम रहे।

छात्रों के प्रदर्शन को देखते हुए जिला प्रशासन पहले से ही सतर्क था। किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए अलबर्ट एक्का चौक और आसपास के संवेदनशील क्षेत्रों में बड़ी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई थी। बैरिकेडिंग कर प्रदर्शन स्थल की निगरानी की गई और पुलिस अधिकारियों ने लगातार स्थिति पर नजर बनाए रखी। प्रदर्शन शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो, इसके लिए प्रशासन और पुलिस के अधिकारी प्रदर्शनकारियों के संपर्क में भी रहे।

यातायात व्यवस्था को सामान्य बनाए रखने के लिए ट्रैफिक पुलिस ने कई मार्गों पर डायवर्जन लागू किया। वाहन चालकों को वैकल्पिक मार्गों से आने-जाने की सलाह दी गई, हालांकि इसके बावजूद कई स्थानों पर लंबे समय तक जाम की स्थिति बनी रही।
कई घंटे तक चले प्रदर्शन के बाद छात्र पुनः जयपाल सिंह स्टेडियम लौट आए, जहां उन्होंने धरना शुरू कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने स्पष्ट कहा कि जब तक उनकी मांगों पर सरकार की ओर से ठोस और संतोषजनक कार्रवाई नहीं की जाती, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा। छात्रों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों की अनदेखी की गई तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा।

error: Content is protected !!