राँची में आपसी विवाद में सगे भाई का मर्डर…. चापड़ के ताबड़तोड़ वार से दहला सोलंकी,आरोपी गिरफ्तार

राँची।राजधानी राँची का सोलंकी इलाका बुधवार को उस वक्त सन्न रह गया, जब खून के रिश्तों पर गुस्से और सनक का साया मंडरा गया। हटिया रेलवे कॉलोनी की एक छोटी सी झोपड़ी में बरसों का भाईचारे का रिश्ता पल भर में लहूलुहान हो गया। आपसी विवाद की एक चिंगारी ऐसी भड़की कि बड़े भाई ने मर्यादा और ममता की सारी सरहदें लांघते हुए अपने ही सगे छोटे भाई की चापड़ (धारदार हथियार) से काटकर बेरहमी से हत्या कर दी।
मामला जगरनाथपुर थाना क्षेत्र का है। जानकारी के मुताबिक, 28 वर्षीय आकाश उरांव अपने बड़े भाई 24 वर्षीय सूरज उरांव के साथ हटिया रेलवे कॉलोनी स्थित झोपड़ी में रहता था। मंगलवार की देर रात दोनों भाइयों के बीच किसी बात को लेकर शुरू हुई मामूली बहस कब खूनी मोड़ लेगी, इसका अंदाजा किसी को न था।
देखते ही देखते जुबानी जंग तकरार में बदली और गुस्से से अंधा हो चुका सूरज उरांव आपा खो बैठा। उसने घर में रखा भारी-भरकम चापड़ उठाया और आकाश पर ताबड़तोड़ वार करने शुरू कर दिए। वार इतने घातक थे कि संभलने का मौका तक नहीं मिला। चंद मिनटों में झोपड़ी का फर्श खून से लाल हो गया और अत्यधिक खून बह जाने के कारण आकाश ने मौके पर ही तड़प-तड़पकर दम तोड़ दिया।
वारदात को अंजाम देने के बाद सनसनी फैलते ही आरोपी सूरज उरांव मौके से रफूचक्कर होने की फिराक में था। हालांकि, वारदात की खबर मिलते ही जगरनाथपुर थाना पुलिस ने बिना वक्त गंवाए मोर्चा संभाला। पुलिस टीम ने तुरंत इलाके को सील कर आरोपी की तलाश में दबिश दी और भागने की कोशिश कर रहे सूरज उरांव को धर दबोचा। पुलिस ने कत्ल में इस्तेमाल किया गया खून से सना चापड़ (धारदार हथियार) भी मौके के आसपास से जब्त कर लिया है। पुलिस ने मृतक आकाश के शव को कब्जे में लेकर पंचनामा तैयार किया और पोस्टमार्टम के लिए रिम्स भेज दिया है।
फिलहाल पुलिस आरोपी सूरज उरांव से कड़ाई से पूछताछ कर रही है ताकि यह साफ हो सके कि आखिर बहस किस बात को लेकर शुरू हुई थी जिसने इतने भयावह कत्ल का रूप ले लिया। एक ही पल के अंधे गुस्से ने एक भाई को श्मशान पहुंचा दिया तो दूसरे के हाथों में हथकड़ी पहना दी।
पुलिस के अनुसार, जिस युवक का मर्डर हुआ है।पहले भी जेल जा चुका है।प्रारंभिक जांच में पता चला है कि नशा में विवाद हुआ है।विवाद में ही दोनों भाई में मारपीट शुरू हुई।उसके बाद बड़े भाई ने छोटे भाई की हत्या कर दी।

