मोबाइल टावरों को निशाना बनाने वाले अंतरजिला गिरोह का भंडाफोड़, 4 गिरफ्तार; लाखों का सामान व कार जब्त

 

राँची। राँची पुलिस ने मोबाइल टावरों से कीमती उपकरणों की चोरी करने वाले एक अंतरजिला गिरोह का पर्दाफाश करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से टावरों से चोरी किए गए लाखों रुपये मूल्य के उपकरण, पांच बैटरियां, तीन आरएम मशीन, बैटरी चार्जिंग मशीन, केबल, तीन मोबाइल फोन तथा घटना में प्रयुक्त एक बलेनो कार (JH01EL-4898) बरामद की है।

मामला चान्हों थाना कांड संख्या 55/26 (दिनांक 1 मई 2026) से जुड़ा है। अप्रैल 2026 के दौरान चान्हों थाना क्षेत्र के सिलागाई, फुलडीह और पतरातु गांवों में लगे मोबाइल टावरों से अज्ञात चोरों ने कीमती सामान चोरी कर लिया था। इस संबंध में अभिमन्यु साहू के लिखित आवेदन पर प्राथमिकी दर्ज की गई थी।

नेटवर्क कंपनियों की शिकायत को गंभीरता से लेते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर ग्रामीण पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन में डीएसपी खलारी और पुलिस निरीक्षक के नेतृत्व में विशेष जांच टीम का गठन किया गया। टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और मोबाइल नंबरों के विश्लेषण के आधार पर तौफिक अंसारी को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में उसने चोरी में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली, जिसके बाद अकमल अंसारी, मुबारक अंसारी और कबाड़ी गौरी कुमार को भी गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि तौफिक अंसारी पहले जियो कंपनी में साइट मैनेजर के रूप में कार्य कर चुका था। उसे मोबाइल टावरों में लगे महंगे उपकरणों की पूरी जानकारी थी। उसी ने अपने साथियों के साथ मिलकर विभिन्न स्थानों पर टावरों से चोरी की वारदातों को अंजाम दिया और चोरी का सामान कांके थाना क्षेत्र के रिंग रोड स्थित कबाड़ी गौरी कुमार को बेच दिया करता था।

गिरफ्तार आरोपी
अकमल अंसारी (29), पिस्का नगड़ी, राँची
तौफिक अंसारी (30), पूर्व साइट मैनेजर, जियो कंपनी, राजाडेरा, अनगड़ा
मुबारक अंसारी (26), इलाही नगर, पुंदाग
गौरी कुमार (27), वर्तमान निवासी रेंडोर, कांके (मूल निवासी सीतामढ़ी, बिहार)

पुलिस के अनुसार तौफिक अंसारी और अकमल अंसारी के खिलाफ पूर्व से भी आपराधिक मामले दर्ज हैं।पुलिस ने बताया कि इस गिरोह की गिरफ्तारी से राँची जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में दर्ज मोबाइल टावर चोरी के 33 मामलों का खुलासा हुआ है। इनमें पिठौरिया, कांके, नगड़ी, रातू, ओरमांझी, सिकिदिरी, अनगड़ा, बुढ़मू, ठाकुरगांव, मांडर, खलारी, चान्हों, इटकी, बेड़ो, लापुंग, बुंडू और राहे थाना क्षेत्र के मामले शामिल हैं।

गिरफ्तार आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि इस कार्रवाई से मोबाइल नेटवर्क कंपनियों के टावरों को निशाना बनाने वाले गिरोह पर प्रभावी रोक लगेगी और भविष्य में ऐसी घटनाओं पर अंकुश लगेगा।

error: Content is protected !!