सीआईएसएफ की बड़ी कार्रवाई…7 दिन में 1,277 टन अवैध कोयला जब्त,….5 गिरफ्तार

राँची।अवैध कोयला खनन, चोरी और अनाधिकृत परिवहन के खिलाफ केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) ने राष्ट्रव्यापी स्तर पर सख्त अभियान चलाते हुए एक सप्ताह में बड़ी कार्रवाई की है। गृह मंत्रालय के निर्देश और “जीरो कोल लीकेज” के लक्ष्य के तहत खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम, 1957 (MMDR Act) के प्रावधानों के तहत 20 जुलाई से 26 जुलाई 2026 के बीच देशभर के विभिन्न कोयला क्षेत्रों में कुल 85 छापेमारी की गई।
इस दौरान सीआईएसएफ ने 1,277 मीट्रिक टन अवैध कोयला जब्त किया, जबकि अवैध परिवहन में इस्तेमाल हो रहे 40 वाहनों को भी कब्जे में लिया गया। कार्रवाई के क्रम में 5 लोगों को गिरफ्तार किया गया और एक प्राथमिकी दर्ज की गई।
जारी रिपोर्ट के अनुसार, सबसे बड़ी कार्रवाई बीसीसीएल धनबाद क्षेत्र में हुई, जहां 14 छापेमारी में 771 मीट्रिक टन कोयला जब्त कर 2 लोगों को गिरफ्तार किया गया और एक वाहन जब्त किया गया। ईसीएल शीतलपुर क्षेत्र में 51 छापेमारी के दौरान 341 मीट्रिक टन कोयला बरामद कर 34 वाहनों को जब्त किया गया। वहीं सीसीएल करगली क्षेत्र में 11 छापों में 145 मीट्रिक टन कोयला पकड़ा गया। एनके पिपरवार क्षेत्र में 6 छापेमारी के दौरान 20 मीट्रिक टन कोयला जब्त कर 3 वाहन जब्त किए गए और एक एफआईआर दर्ज की गई। एसईसीएल बिलासपुर क्षेत्र में 3 छापेमारी में 3 लोगों को गिरफ्तार कर 2 वाहन जब्त किए गए।
सीआईएसएफ के जनसंपर्क अधिकारी के अनुसार, इस सफलता के पीछे सटीक खुफिया इनपुट, तकनीकी निगरानी और स्थानीय पुलिस व कोयला कंपनियों के साथ बेहतर तालमेल अहम रहा। उन्होंने कहा कि अवैध कोयला कारोबार पर पूरी तरह अंकुश लगाने के लिए यह अभियान आगे भी जारी रहेगा और “जीरो कोल लीकेज” मिशन को हर हाल में सफल बनाया जाएगा।

