6 साल बाद खुला ‘मौत’ का राज…पत्नी ने की दूसरी शादी, पति निकला जेल में जिंदा

चाईबासा।झारखण्ड के पश्चिमी सिंहभूम जिले से एक ऐसा मामला सामने आया है,जिसने हर किसी को हैरान कर दिया है। जिस युवक को परिवार ने छह साल पहले लापता होने के बाद मृत मान लिया था, उसका अंतिम संस्कार तक कर दिया गया। पत्नी ने सामाजिक परंपरा के अनुसार दूसरी शादी कर ली। लेकिन अब जो सच सामने आया, उसने पूरे परिवार और इलाके को स्तब्ध कर दिया।दरअसल, गोइलकेरा प्रखंड के बोरोई गांव निवासी दुगा मारला उर्फ दोगे मारला (38) जीवित है। वह उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जेल में हत्या के मामले में उम्रकैद की सजा काट रहा है।
2020 में हुआ था रहस्यमय ढंग से गायब
परिजनों के अनुसार, वर्ष 2020 में दुगा अपनी बहन के घर सोनुआ प्रखंड के नुवागांव गया था। इसके बाद वह अचानक लापता हो गया। परिवार ने रिश्तेदारों और परिचितों के यहां काफी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। लंबे इंतजार के बाद परिजनों ने उसे मृत मान लिया और आदिवासी रीति-रिवाज से उसका अंतिम संस्कार कर दिया।दुगा के लापता होने के बाद उसकी पत्नी ने दूसरी शादी कर ली,जबकि तीनों बच्चों की जिम्मेदारी उसके भाई ने संभाल ली।
गोरखपुर में हत्या के आरोप में हुआ गिरफ्तार
मामले के अनुसार, 15 अक्टूबर 2021 की रात गोरखपुर के पिपराइच थाना क्षेत्र में रेलवे स्टेशन के पास दुगा मारला पर महाजन नामक व्यक्ति के सिर पर ईंट से हमला कर हत्या करने का आरोप लगा। पुलिस ने जांच के बाद उसे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।गोरखपुर की अदालत में चली सुनवाई के दौरान अपर सत्र न्यायाधीश नितिन कुमार ठाकुर ने उपलब्ध साक्ष्यों और गवाहों के आधार पर दुगा मारला को दोषी ठहराते हुए उसे आजीवन कारावास की सजा सुनाई।साथ ही 1,000 रुपये का जुर्माना भी लगाया।
व्हाट्सएप मैसेज को समझा था अफवाह
परिजनों का कहना है कि अक्टूबर 2025 में एक अज्ञात नंबर से व्हाट्सएप पर संदेश मिला था कि दुगा गोरखपुर जेल में बंद है। परिवार ने इसे अफवाह या ठगी का प्रयास समझकर नजरअंदाज कर दिया। लेकिन अदालत के फैसले के बाद जब आधिकारिक जानकारी सामने आई, तब उन्हें यकीन हुआ कि जिसे वे वर्षों पहले मृत मान चुके थे, वह आज भी जीवित है।एक तरफ परिवार, जिसने छह साल पहले बेटे का अंतिम संस्कार किया था, अब उसके जिंदा होने की खबर से सदमे में है। दूसरी ओर हत्या के मामले में मिली उम्रकैद की सजा ने इस पूरे घटनाक्रम को और भी चौंकाने वाला बना दिया है।

