हजारीबाग सेंट्रल जेल में एसपी के नेतृत्व में छापेमारी, सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा, दिए सख्त निर्देश

हजारीबाग।झारखण्ड के हजारीबाग जिले में अपराध और जेल के भीतर किसी भी अवैध गतिविधि पर लगाम कसने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक हजारीबाग ने मंगलवार को लोकनायक जयप्रकाश नारायण केंद्रीय कारागार, हजारीबाग में दंडाधिकारी एवं जिले के वरीय पुलिस पदाधिकारियों के साथ औचक छापेमारी की।
छापेमारी का मुख्य उद्देश्य जेल की सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाना, नशीले पदार्थों एवं अन्य प्रतिबंधित वस्तुओं की संभावित तस्करी पर रोक लगाना तथा संगठित अपराध से जुड़े नेटवर्क पर प्रभावी अंकुश लगाना था। इस दौरान जेल परिसर की गहन जांच की गई और सुरक्षा इंतजामों का बारीकी से निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक ने जेल प्रशासन एवं मौजूद पुलिस पदाधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक भी की। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि किसी भी स्थिति में जेल को अपराधियों का संचालन केंद्र या अपराध का अड्डा नहीं बनने दिया जाएगा। साथ ही सुधार की राह पर चलने वाले बंदियों के लिए सुरक्षित एवं अनुशासित वातावरण सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया।
एसपी ने तलाशी अभियान के दौरान पारदर्शिता और मानवाधिकारों के पूर्ण पालन के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कैदियों के साथ गरिमापूर्ण व्यवहार किया जाए, उनके मानसिक स्वास्थ्य का ध्यान रखा जाए तथा उन्हें सभी आवश्यक बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं।
हजारीबाग पुलिस ने स्पष्ट किया कि जिले में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और जेलों में किसी भी प्रकार की गैरकानूनी गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए इस तरह की औचक छापेमारी आगे भी लगातार जारी रहेगी।

