धनबाद:तोपचांची में 3.20 लाख की लूट का खुलासा: पीछा कर वारदात को दिया था अंजाम, तीन अपराधी गिरफ्तार, एक फरार

 

धनबाद।जिले के तोपचांची थाना क्षेत्र के लेदातांड़ स्थित नेशनल हाईवे पर शनिवार को हुई 3.20 लाख रुपये की दिनदहाड़े लूट की गुत्थी पुलिस ने कुछ ही घंटों में सुलझा ली। मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि एक अन्य आरोपी अब भी फरार है। उसकी तलाश में पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।

बाघमारा डीएसपी अजीत कुमार बिमल ने रविवार को तोपचांची थाना परिसर में प्रेस वार्ता के दौरान बताया कि लूट की वारदात को चार अपराधियों ने मिलकर अंजाम दिया था। सभी आरोपी पहले से ही एक सब्जी व्यवसायी के पिकअप वाहन पर नजर बनाए हुए थे और चौपारण से उसका पीछा कर रहे थे।

जैसे ही पिकअप वाहन लेदातांड़ के पास पहुंचा, अपराधियों ने चालक को रोक लिया और उससे 3 लाख 20 हजार रुपये लूटकर फरार हो गए। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।
सूचना मिलते ही तोपचांची पुलिस हरकत में आई और तकनीकी साक्ष्यों के साथ-साथ मानवीय सूचना के आधार पर जांच शुरू की। तेज कार्रवाई करते हुए पुलिस ने चौपारण निवासी तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान पुलिस को घटना से जुड़े अहम सुराग भी मिले और आरोपियों के पास से महत्वपूर्ण साक्ष्य बरामद किए गए।गिरफ्तार तीनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। वहीं, फरार चौथे आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही है।

डीएसपी अजीत कुमार बिमल ने भरोसा जताया कि फरार आरोपी भी जल्द पुलिस की गिरफ्त में होगा। उन्होंने कहा कि जिले में अपराध पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस लगातार अभियान चला रही है और अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

error: Content is protected !!