धनबाद में SIR के नाम पर वसूली का खेल बेनकाब, प्रशासन ने आधार सेंटर किया सील

 

धनबाद।झारखण्ड में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान के बीच धनबाद प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए वासेपुर स्थित एक आधार सेंटर को सील कर दिया। आरोप है कि सेंटर पर लोगों से 50 से 100 रुपये तक लेकर अनधिकृत तरीके से SIR का एन्यूमरेशन फॉर्म भरा जा रहा था। शिकायत मिलने के बाद एसडीएम लोकेश बारंगे ने गुरुवार को छापेमारी की, जिसमें आरोप सही पाए जाने पर तत्काल सेंटर को सील कर दिया गया। फिलहाल सेंटर संचालक की तलाश जारी है।

एसडीएम लोकेश बारंगे ने बताया कि चुनाव आयोग के निर्देशानुसार पूरे राज्य में SIR अभियान चल रहा है। इसी दौरान सूचना मिली कि वासेपुर के एक आधार सेंटर पर लोगों से पैसे लेकर एन्यूमरेशन फॉर्म भरने का काम किया जा रहा है। जांच के बाद शिकायत सही मिलने पर प्रशासन ने कार्रवाई करते हुए सेंटर को बंद कर दिया। उन्होंने कहा कि ऐसे अन्य स्थानों पर भी नजर रखी जा रही है, जहां चुनावी प्रक्रिया के नाम पर अवैध वसूली की आशंका है।

प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि SIR का एन्यूमरेशन फॉर्म स्वयं भरें। यदि किसी को फॉर्म भरने में कठिनाई हो तो अपने क्षेत्र के बीएलओ, सुपरवाइजर या अधिकृत वॉलंटियर से ही सहायता लें। साइबर कैफे, आधार सेंटर या किसी बिचौलिए को पैसे देकर फॉर्म भरवाने से गलत जानकारी दर्ज होने का खतरा रहता है।

एसडीएम ने स्पष्ट किया कि मतदाता सूची में नाम जुड़वाने या हटवाने के लिए गलत जानकारी देने या फर्जी तरीके अपनाने वालों के खिलाफ जनप्रतिनिधित्व अधिनियम (RP Act) और अन्य संबंधित कानूनी प्रावधानों के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी।

error: Content is protected !!