जगन्नाथपुर रथ यात्रा: श्रद्धालुओं की सुरक्षा होगी सर्वोच्च प्राथमिकता, DGP ने दिए स्पष्ट निर्देश-

–भीड़ प्रबंधन से लेकर ड्रोन निगरानी तक हर इंतजाम की समीक्षा, अधिकारियों को दिए जीरो-लैप्स सुरक्षा के निर्देश
राँची।राजधानी की ऐतिहासिक जगन्नाथपुर रथ यात्रा से पहले झारखण्ड पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पूरी ताकत झोंक दी है। इसी कड़ी में गुरुवार को झारखण्ड की डीजीपी तदाशा मिश्रा स्वयं जगन्नाथपुर मंदिर पहुंचीं और रथ यात्रा की तैयारियों का बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने मंदिर परिसर, रथ यात्रा मार्ग और मेले के पूरे क्षेत्र का दौरा कर अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा में किसी भी स्तर पर चूक बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान डीजीपी ने मंदिर परिसर, प्रवेश और निकास मार्ग, बैरिकेडिंग, ट्रैफिक डायवर्जन, पार्किंग व्यवस्था, कंट्रोल रूम और संवेदनशील स्थलों का जायजा लिया। उन्होंने रांची पुलिस और जिला प्रशासन के अधिकारियों से तैयारियों की विस्तृत जानकारी लेते हुए कहा कि लाखों श्रद्धालुओं की आस्था से जुड़े इस आयोजन को पूरी सतर्कता और समन्वय के साथ संपन्न कराना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
डीजीपी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि भीड़ प्रबंधन की ऐसी व्यवस्था हो जिससे श्रद्धालुओं को किसी तरह की असुविधा न हो। आपात स्थिति से निपटने के लिए पर्याप्त पुलिस बल, क्विक रिस्पॉन्स टीम, फायर ब्रिगेड, एंबुलेंस और मेडिकल टीम को पूरी तरह अलर्ट रखने के निर्देश भी दिए गए।उन्होंने मंदिर समिति के पदाधिकारियों से भी बातचीत कर उनके सुझाव सुने और अधिकारियों से कहा कि जो भी सुझाव सुरक्षा और व्यवस्था को बेहतर बनाने में सहायक हों, उन्हें तत्काल अमल में लाया जाए।
सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाने के लिए डीजीपी ने संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती, सीसीटीवी कैमरों से 24 घंटे निगरानी, ड्रोन सर्विलांस और सादे लिबास में पुलिसकर्मियों की तैनाती सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। साथ ही सोशल मीडिया पर भी निगरानी रखने और अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई करने को कहा।
निरीक्षण के दौरान राँची एसएसपी राकेश रंजन, सिटी एसपी पारस राणा सहित पुलिस और जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने डीजीपी को रथ यात्रा और रथ मेले के लिए तैयार किए गए सुरक्षा ब्लूप्रिंट की विस्तृत जानकारी दी।पुलिस का दावा है कि इस बार सुरक्षा के ऐसे इंतजाम किए गए हैं ताकि श्रद्धालु पूरी तरह सुरक्षित माहौल में भगवान जगन्नाथ की रथ यात्रा में शामिल हो सकें।

