गढ़वा: मानसिक रूप से अस्वस्थ महिला से दुष्कर्म, शादी का झांसा देकर दो बार बनाया शिकार…

गढ़वा।जिले के डंडई थाना क्षेत्र से महिला सुरक्षा को झकझोर देने वाला मामला सामने आया है। मानसिक रूप से अस्वस्थ 25 वर्षीय महिला से शादी का झांसा देकर दो बार दुष्कर्म किए जाने और विरोध करने पर उसके साथ मारपीट कर जंगल में छोड़ देने का आरोप लगा है। पुलिस ने पीड़िता को गंभीर हालत में बरामद कर अस्पताल में भर्ती कराया है, जबकि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, शुक्रवार को सूचना मिली कि पनघटवा डैम के समीप जोरी पहाड़ी के जंगल में एक महिला घायल अवस्था में पड़ी है। सूचना पर पहुंची डंडई थाना पुलिस ने महिला को तत्काल अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे पहले मेराल सीएचसी और फिर बेहतर इलाज के लिए गढ़वा सदर अस्पताल रेफर किया गया।
होश में आने पर महिला ने पुलिस को बताया कि वह घर से निकलकर रेलवे स्टेशन पहुंच गई थी। इसी दौरान मेराल निवासी राजू महरा नामक युवक से उसकी मुलाकात हुई। आरोप है कि युवक ने शादी का झांसा देकर उसे सुनसान स्थान पर ले जाकर दुष्कर्म किया।
पीड़िता का आरोप है कि अगले दिन जब वह पैदल अपने घर लौट रही थी, तब आरोपी ने फिर उसका पीछा किया और जोरी पहाड़ी के पास झाड़ियों में ले जाकर दोबारा दुष्कर्म किया। विरोध करने पर उसके साथ मारपीट की गई और सिर पर गंभीर चोट पहुंचाने के बाद आरोपी उसे जंगल में छोड़कर फरार हो गया।
पीड़िता के पिता ने बताया कि उनकी बेटी लंबे समय से मानसिक बीमारी से जूझ रही है और कुछ दिन पहले घर से लापता हो गई थी। उन्होंने मामले में आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग करते हुए डंडई थाने में शिकायत देने की बात कही है।
पुलिस का कहना है कि पीड़िता के बयान के आधार पर मामला दर्ज करने की प्रक्रिया चल रही है। आरोपी की पहचान मेराल निवासी राजू महरा के रूप में हुई है और उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई होगी।

