सोशल मीडिया पर छिड़ा ‘डिजिटल वॉर’: राहुल सिंह की प्रिंस खान को धमकी- धनबाद से मारते-मारते पाकिस्तान पहुँचा देंगे..दुनिया के किसी कोने में रहो, वहीं घुसकर मारेंगे..

राँची।झारखण्ड में एक बार फिर दो खूंखार आपराधिक गिरोहों के बीच आमने-सामने के खूनी टकराव की जमीन तैयार हो गई है। कोयलांचल (धनबाद) समेत पूरे सूबे में खौफ का पर्याय बन चुके गैंगस्टर प्रिंस खान और उसके कट्टर प्रतिद्वंदी राहुल सिंह गिरोह के बीच अब सोशल मीडिया पर ‘डिजिटल वॉर’ छिड़ गई है। अपराधी राहुल सिंह ने फेसबुक/सोशल मीडिया पर एक बेहद आक्रामक पोस्ट ऑडियो/मैसेज साझा कर प्रिंस खान को सीधे तौर पर ‘डेथ वारंट’ जारी कर दिया है।
धनबाद से मारते-मारते पाकिस्तान पहुँच जाएंगे…
सोशल मीडिया पर पोस्ट शेयर करते हुए राहुल सिंह ने लिखा कि हिसाब-किताब का वक्त बेहद करीब आ गया है। उसने प्रिंस खान को खुली चुनौती देते हुए कहा कि ”प्रिंस खान तैयार रहो! मेरे देश, मेरे काम और मेरे लोगों से उलझने का अंजाम क्या होता है, ये तुम्हें जल्द ही पता चल जाएगा। तुम दुनिया के चाहे जिस कोने में छिपे रहो, वहीं घुसकर मारेंगे। दूसरों के परिवार पर नजर डालने से पहले अपनी फैमिली देख लेना और जितनी सुरक्षा बढ़ानी हो, बढ़ा लो… बहुत जल्द तुम्हारा मुकम्मल हिसाब होगा।”धमकी के इस सिलसिले को और तीखा करते हुए राहुल सिंह ने आगे लिखा, “प्रिंस खान होश में रहना, धनबाद से मारते-मारते पाकिस्तान पहुँच जाएंगे देंगे।”
खुफिया एजेंसियां अलर्ट, सूबे में दहशत का माहौल
इस तल्ख और सीधे तौर पर दी गई धमकी के बाद झारखण्ड के पुलिस महकमे और खुफिया एजेंसियों के कान खड़े हो गए हैं। दोनों ही गिरोहों का इतिहास बेहद हिंसक रहा है, ऐसे में इस सोशल मीडिया पोस्ट ने धनबाद और राँची समेत पूरे राज्य में एक नई गैंगवार की आशंका को जन्म दे दिया है।अब देखना यह है कि पुलिस इस ‘खुलेआम चुनौती’ पर क्या एक्शन लेती है, या फिर कोयलांचल की धरती एक बार फिर गैंगवार के खून से लाल होने वाली है।

