बेटी की शादी का कार्ड बांटकर लौट रहे पिता और पूर्व मुखिया की सड़क हादसे में मौत,परिवार में मचा कोहराम..
राँची/रामगढ़।झारखण्ड के रामगढ़ जिले के गोला प्रखंड क्षेत्र अंतर्गत कोरांबे गांव में उस समय शोक की लहर दौड़ गई, जब हेंसापोड़ा पंचायत के पूर्व मुखिया विशाल करमाली समेत दो लोगों की सड़क दुर्घटना में मौत की खबर गांव पहुंची।इस दर्दनाक हादसे ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं और पूरे क्षेत्र को गमगीन कर दिया है।
जानकारी के अनुसार कोरांबे निवासी जलेश्वर महतो (48) की बेटी की शादी आगामी दो जुलाई को तय हुई थी।शादी का कार्ड बांटने के लिए वह हेंसापोड़ा पंचायत के पूर्व मुखिया विशाल करमाली (33) के साथ बाइक से विष्णुगढ़-बगोदर क्षेत्र गए थे। कार्ड बांटने के बाद दोनों सोमवार देर शाम घर लौट रहे थे। इसी दौरान विष्णुगढ़-गोमिया मुख्य मार्ग पर जमनीजारा के पास उनकी बाइक की सामने से आ रही दूसरी बाइक से सीधी टक्कर हो गई।
दुर्घटना इतनी भीषण थी कि जलेश्वर महतो की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।वहीं गंभीर रूप से घायल विशाल करमाली को स्थानीय लोगों की मदद से विष्णुगढ़ अस्पताल पहुंचाया गया। प्राथमिक इलाज के बाद चिकित्सकों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए राँची स्थित रिम्स रेफर कर दिया। जहां इलाज के दौरान मंगलवार सुबह उनकी भी मौत हो गई।
विशाल करमाली हेंसापोड़ा पंचायत के पूर्व मुखिया रह चुके थे।वर्तमान में उनकी पत्नी गीतांजलि कुमारी तिर्की पंचायत की मुखिया हैं।सामाजिक और राजनीतिक गतिविधियों में सक्रिय रहने वाले विशाल करमाली के निधन से पंचायत क्षेत्र में शोक की लहर है।उनके परिवार में पत्नी और तीन बेटे हैं।
वहीं जलेश्वर महतो अपने पीछे पत्नी, दो बेटे और दो बेटियों को छोड़ गए हैं।उनकी बेटी की शादी की तैयारियां जोर-शोर से चल रही थीं।घर में शादी की खुशियां थीं, लेकिन इस हादसे ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया।शादी के कार्ड बांटने निकले पिता की मौत की खबर से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
घटना के बाद कोरांबे गांव सहित आसपास के क्षेत्रों में मातम का माहौल है।ग्रामीणों, जनप्रतिनिधियों और सामाजिक संगठनों के लोगों ने दोनों मृतकों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए शोक संतप्त परिवारों को ढांढस बंधाया है।दोनों के निधन को क्षेत्र के लिए अपूरणीय क्षति बताया जा रहा है।

