जमशेदपुर में पुलिस-अपराधी के बीच मुठभेड़:कुख्यात चेन स्नैचर गबरू का हॉफ एनकाउंटर…
जमशेदपुर।झारखण्ड के जमशेदपुर शहर के सिदगोड़ा थाना क्षेत्र में मंगलवार तड़के पुलिस और एक गिरफ्तार अपराधी के बीच हुई मुठभेड़ से सनसनी फैल गई। छिनतई के मामले में गिरफ्तार अपराधी जसप्रीत उर्फ गबरू ने बरामदगी के दौरान पुलिसकर्मी की पिस्टल छीनकर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में उसके बाएं पैर में गोली लग गई, जिसके बाद उसे घायल अवस्था में गिरफ्तार कर इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल भेजा गया।
पुलिस के अनुसार, सोमवार शाम एक महिला से चेन छिनतई कर भाग रहे दो अपराधियों को गिरफ्तार किया गया था पूछताछ में गबरू ने खुलासा किया कि छिनतई के गहने, फर्जी नंबर प्लेट और बाइक सिदगोड़ा के कचरा डिपो के पास छिपाकर रखे गए हैं।
मंगलवार तड़के करीब 3:30 बजे पुलिस टीम गबरू को लेकर बरामदगी के लिए मौके पर पहुंची। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर बाइक, फर्जी नंबर प्लेट और अन्य सामान बरामद कर लिया। इसी दौरान गबरू ने अचानक एक पुलिस पदाधिकारी की पिस्टल छीन ली और पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी।
अचानक हुए हमले के बाद पुलिस जवानों ने मोर्चा संभालते हुए जवाबी फायरिंग की, जिसमें गबरू के बाएं पैर में गोली लगी। गोली लगते ही वह मौके पर गिर पड़ा और पुलिस ने उसे दोबारा अपने कब्जे में ले लिया।घटना की सूचना मिलते ही सिटी एसपी, एएसपी समेत टेल्को, सीतारामडेरा, गोलमुरी, बर्मामाइन्स, बिष्टुपुर, बिरसानगर और कदमा थाना की पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने घटनास्थल से खोखा भी बरामद किया है और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार,बरामदगी स्थल पर पहुंचते ही आरोपी गबरू ने बेहद चालाकी और फुर्ती दिखाई।उसने टीम में शामिल सब-इंस्पेक्टर सुशांत सुंडी की सरकारी पिस्टल अचानक छीन ली और अंधेरे का फायदा उठाकर भागने लगा। खुद को घिरता देख आरोपी ने पुलिस टीम पर ही ताबड़तोड़ दो से तीन राउंड फायरिंग कर दी। मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने आरोपी को रुकने और आत्मसमर्पण करने की सख्त चेतावनी दी, लेकिन उसने फायरिंग जारी रखी।
बढ़ते खतरे और आत्मरक्षार्थ को देखते हुए पुलिस टीम में शामिल टाइगर मोबाइल के जवान शम्स तबरेज खान ने मोर्चा संभाला। जवान ने सूझबूझ का परिचय देते हुए जवाबी कार्रवाई में दो राउंड फायरिंग की। इस एनकाउंटर में एक गोली सीधे गबरू के पैर में जा लगी, जिससे वह लहुलूहान होकर वहीं गिर पड़ा। पुलिस ने तुरंत उसे दबोचा और उसके पास से छीनी गई सरकारी पिस्टल बरामद की।घायल आरोपी जसप्रीत उर्फ हरपाल सिंह उर्फ गबरू को तुरंत इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां भारी सुरक्षा के बीच उसका इलाज चल रहा है।

