पलक झपकते चकनाचूर हुए दो ट्रेलर, दुमका हाईवे पर भीषण सड़क दुर्घटना,दो घायल..

 

दुमका।जिले के गोविंदपुर-साहिबगंज स्टेट हाईवे पर शनिवार दोपहर में गोटीडीह मोड़ के खतरनाक घुमाव पर दो भारी ट्रेलरों की आमने-सामने जबरदस्त भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि एक ट्रेलर का केबिन वाहन से अलग होकर सड़क पर जा गिरा, जबकि दोनों गाड़ियों के अगले हिस्से पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। हादसे में दोनों चालकों को गंभीर चोटें आई हैं।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, शनिवार करीब 1:40 बजे यह दुर्घटना उस समय हुई जब चेन्नई से लोडर मशीन लेकर दुमका आ रहा एक ट्रेलर गोटीडीह मोड़ से गुजर रहा था। उसी दौरान दुमका से जामताड़ा की ओर जा रहा एक कंटेनर तेज रफ्तार में सामने आ गया और दोनों वाहनों के बीच सीधी टक्कर हो गई।
घायल चालक राकेश देववंशी ने आरोप लगाया कि सामने से आ रहा कंटेनर चालक नशे की हालत में था। उनका कहना है कि वह अपनी लेन में वाहन चला रहे थे, लेकिन कंटेनर चालक नियंत्रण खो बैठा और रॉन्ग साइड में घुसकर ट्रेलर से टकरा गया।

टक्कर की आवाज इतनी तेज थी कि आसपास के गांवों तक गूंज सुनाई दी। धमाके जैसी आवाज सुनकर बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंच गए। स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस और 108 एंबुलेंस सेवा को सूचना दी। राहत एवं बचाव कार्य शुरू करते हुए दोनों घायलों को इलाज के लिए दुमका स्थित Phulo Jhano Medical College and Hospital भेजा गया, जहां उनका उपचार जारी है।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटाने की कार्रवाई शुरू की। साथ ही हादसे के कारणों की जांच भी की जा रही है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, कंटेनर चालक के नशे में होने की आशंका जताई जा रही है, जिसकी पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।गनीमत रही कि हादसे के समय सड़क पर कोई अन्य वाहन या राहगीर मौजूद नहीं था, अन्यथा यह दुर्घटना और भी भयावह रूप ले सकती थी।

error: Content is protected !!