#झारखण्ड:गिरीडीह पुलिस ने इनामी महिला नक्सली एरिया कमांडर को गिरफ्तार किया,एसपी ने प्रेसवार्ता में दी जानकारी..

गिरिडीह।नक्सली संगठन भाकपा माओवादी की महिला एरिया कमांडर सुनीता उर्फ कौशल्या उर्फ रमा उर्फ प्रतिमा को गिरिडीह पुलिस ने खुखरा थाना क्षेत्र के गम्हरा जंगल से गिरफ्तार कर लिया है।महिला एरिया कमांडर के खिलाफ बोकारो में नौ नक्सली केस दर्ज हैं।वहीं वह 2008 में गिरिडीह जिले पारसनाथ पहाड़ में हुए पुलिस-माओवादी इनकांउटर में शामिल रही थी।2010 में पीरटांड थाना क्षेत्र के गिरिडीह-डुमरी रोड स्थित पूरना नगर गांव समीप पुलिया में सिक्युरिटी एजेंसी का वाहन विस्फोट कर उड़ाने में भी शामिल रही. इस घटना में एजेंसी के पांच सुरक्षा गार्डों की मौत हो गयी थी।दो घटनाओं के बाद राज्य पुलिस मुख्यालय ने सुनीता उर्फ रमा पर दो लाख का इनाम घोषित कर रखा था।

एसपी ने प्रेस वार्ता में दी जानकारी

पुलिस को यह सफलता गुरुवार शाम को उस वक्त मिली जब एएसपी दीपक कुमार को गम्हरा जंगल में माओवादियों के बैठक किये जाने की गुप्त सूचना मिला।इसके बाद एसपी अमित रेणु के निर्देश पर दो टीम गठित हुईं जिसमें सैट-15 की पहली टीम की लीडिंग खुद एसपी रेणु कर रहे थे जबकि सीआरपीएफ 154 बटालियन के साथ एएसपी दीपक कुमार के साथ सीआरपीएफ के सेकंड कमांडेट मूलचंद और अजय कुमार रजनीकर दूसरी टीम में थे।गुप्त सूचना के आधार पर दोनों टीमों ने एक साथ सर्च ऑपरेशन चलाते हुए गम्हरा जंगल की चारों तरफ से घेराबंदी की। इस बीच पुलिस को देखते ही जहां कई माओवादी फरार होने में सफल रहे वहीं सुनीता उर्फ रमा को सर्च ऑपरेशन की टीम पकड़ने में सफल रही।
आज पुलिस लाइन में प्रेसवार्ता कर एसपी अमित रेणु और एएसपी दीपक कुमार ने बताया कि सुनीता उर्फ रमा का मायका बोकारो के चतरोचट्टी थाना क्षेत्र के चेतेखरना गांव में है।रमा बोकारो जिले की एरिया कमांडर है, लेकिन इसकी ससुराल गिरिडीह के खुखरा थाना क्षेत्र के गम्हरा गांव में है।अधिकारियों ने यह भी बताया कि सुनीता उर्फ रमा का पति संतोष महतो उर्फ संजय महतो उर्फ वासुदेव भी नक्सली संगठन के रीजनल एरिया कमांडर के पद पर ही है।