दामोदर नदी श्मशान घाट के यात्री शेड में मर्डर: युवक की गला रेतकर बेरहमी से हत्या;मौके पर मिला पैशन प्लस बाइक

 

​धनबाद। कोयलांचल के भौरा क्षेत्र में सोमवार को उस वक्त हड़कंप मच गया, जब दामोदर नदी श्मशान घाट के यात्री शेड से एक अज्ञात युवक का लहूलुहान शव बरामद हुआ। अपराधियों ने बेहद बेरहमी से किसी धारदार हथियार से युवक का गला रेतकर उसे मौत के घाट उतार दिया है। घटनास्थल पर चारों तरफ खून फैला हुआ था। घटना की सूचना मिलते ही भौरा ओपी प्रभारी सौरभ सुमन दलबल के साथ मौके पर पहुँचे और मामले की तफ्तीश में जुट गए।

​मिली जानकारी के अनुसार, जोड़ापोखर बस्ती से कुछ लोग एक शव के दाह संस्कार के लिए दामोदर नदी घाट आए थे। जैसे ही लोग यात्री शेड की तरफ बढ़े, वहाँ का नजारा देखकर उनके होश उड़ गए। शेड के भीतर एक युवक की खून से लथपथ लाश पड़ी थी। ग्रामीणों ने तुरंत इसकी सूचना स्थानीय भौरा ओपी पुलिस को दी।

​पुलिस को घटनास्थल से कई ऐसे सुराग मिले हैं जो यह इशारा करते हैं कि हत्या से पहले या हत्या के वक्त वहाँ कुछ लोग मौजूद थे।

पुलिस ने मौके से कई सामग्री जब्त किया है:

​बाइक और चाबी: एक पैशन प्लस मोटरसाइकिल और शव के ठीक पास गिरी हुई उसकी चाबी।
​खाने-पीने का सामान: आधा खाया हुआ चिकन चिल्ली, भुजिया, माचिस और चप्पल।
​हथियार का सुराग: वह कागज (रैपर) भी बरामद हुआ है जिसमें लपेटकर धारदार हथियार लाया गया था।

​पुलिस ने आशंका जताते हुए आसपास की झाड़ियों में हत्या में इस्तेमाल हथियार को काफी खोजा, लेकिन फिलहाल वह बरामद नहीं हो सका है।मृतक की उम्र करीब 30 से 35 वर्ष के बीच आंकी जा रही है। उसने चेक शर्ट और कॉफी कलर का पैंट पहन रखा है। समाचार लिखे जाने तक शव की शिनाख्त (पहचान) नहीं हो पाई है।

​भौरा ओपी प्रभारी सौरभ सुमन ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। घटनास्थल से मिले सुरागों और मोटरसाइकिल के नंबर के आधार पर मृतक की पहचान करने की कोशिश की जा रही है। प्रथम दृष्टया यह आपसी रंजिश या किसी जान-पहचान वाले द्वारा वारदात को अंजाम देने का मामला लग रहा है। पुलिस हर पहलू की बारीकी से जांच कर रही है।

error: Content is protected !!