झारखण्ड के दो IPS अफसरों की दिल्ली में बड़ी एंट्री, CRPF और CISF में मिली अहम कमान…

 

राँची।झारखण्ड कैडर के दो वरिष्ठ आईपीएस अधिकारियों को केंद्र सरकार ने महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां सौंपते हुए केंद्रीय सुरक्षा बलों में अहम पदों पर नियुक्त किया है। गृह मंत्रालय के ताजा आदेश के बाद राज्य पुलिस महकमे में इसे बड़ी उपलब्धि के रूप में देखा जा रहा है। 2006 बैच की वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी अन्नेपु विजया लक्ष्मी को केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल में महानिरीक्षक (आईजी) के पद पर प्रतिनियुक्ति पर नियुक्त किया गया है। वहीं 2011 बैच के आईपीएस अधिकारी चंदन कुमार झा को केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल में उप महानिरीक्षक (डीआईजी) की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

अन्नेपु विजया लक्ष्मी राज्य में कई महत्वपूर्ण पदों पर अपनी सेवाएं दे चुकी हैं। प्रशासनिक क्षमता और नेतृत्व कौशल के लिए पहचान रखने वाली विजया लक्ष्मी अब देश के सबसे बड़े अर्धसैनिक बल CRPF में आईजी के रूप में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी। यह बल आंतरिक सुरक्षा, नक्सल विरोधी अभियानों और संवेदनशील इलाकों में कानून-व्यवस्था बनाए रखने में अग्रणी भूमिका निभाता है।

वहीं चंदन कुमार झा की नियुक्ति CISF में डीआईजी पद पर हुई है। CISF देश के हवाई अड्डों, मेट्रो नेटवर्क, औद्योगिक प्रतिष्ठानों, परमाणु और अंतरिक्ष संस्थानों की सुरक्षा का जिम्मा संभालता है। ऐसे प्रतिष्ठित बल में डीआईजी पद पर नियुक्ति को उनके करियर की बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है।

एक ही दिन झारखण्ड कैडर के दो अधिकारियों को केंद्रीय सुरक्षा बलों में अहम जिम्मेदारी मिलना राज्य के लिए गौरव की बात मानी जा रही है। सुरक्षा और प्रशासनिक क्षेत्र में दोनों अधिकारियों का अनुभव अब राष्ट्रीय स्तर पर देश की सेवा में उपयोग होगा।

error: Content is protected !!