ट्रॉली बैग में छिपा था ‘हरा सोना’, नामकुम में खुला राज; तीन युवक 61 किलो गांजे के साथ धराए

 

राँची।रेलवे की सतर्क निगाहों ने एक बार फिर नशे के कारोबारियों की बड़ी खेप पकड़ ली। संबलपुर से जम्मू तवी जा रही ट्रेन में सफर कर रहे तीन युवकों के ट्रॉली और पिट्ठू बैगों में कपड़े नहीं, बल्कि लाखों रुपये का गांजा भरा हुआ मिला।

ऑपरेशन ‘नारकोस’ के तहत राँची रेलवे स्टेशन पर चेकिंग के दौरान आरपीएफ की टीम की नजर चार ट्रॉली बैग और तीन पिट्ठू बैग लेकर यात्रा कर रहे तीन संदिग्ध युवकों पर पड़ी। पूछताछ में उनके जवाब संदिग्ध लगे तो टीम ने उन्हें सामान सहित नामकुम स्टेशन पर उतारकर जांच की।जांच शुरू होते ही बैगों का राज खुल गया। सात बैगों से कुल 61 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ, जिसकी बाजार में अनुमानित कीमत करीब 30.50 लाख रुपये बताई गई है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान आयुष सिंह (22), प्रिंस कुमार (21) और अंकित पाठक (19) के रूप में हुई है, जो बिहार के बक्सर जिले के रहने वाले हैं।

आरपीएफ अधिकारियों ने डीडी किट से जांच कर बरामद पदार्थ की पुष्टि गांजे के रूप में की। इसके बाद गांजा, मोबाइल फोन और अन्य सामान जब्त कर तीनों आरोपियों को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए जीआरपी राँची के हवाले कर दिया गया।
रेलवे सुरक्षा बल के अधिकारियों के अनुसार, नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में यह हाल के दिनों की बड़ी सफलताओं में से एक है। टीम की सतर्कता से लाखों रुपये की खेप गंतव्य तक पहुंचने से पहले ही पकड़ी गई।

error: Content is protected !!