कपड़ा सुखाने के दौरान हाई टेंशन तार की चपेट में आने से महिला की मौत, ग्रामीणों का फूटा गुस्सा

 

धनबाद। झारखण्ड के धनबाद जिले के निरसा थाना क्षेत्र अंतर्गत खुशरी पंचायत स्थित खुशरी न्यू कॉलोनी में गुरुवार को एक दर्दनाक हादसे में 45 वर्षीय महिला की मौत 11 हजार वोल्ट हाई टेंशन तार की चपेट में आने से हो गई। घटना के बाद स्थानीय लोगों में बिजली विभाग के खिलाफ भारी आक्रोश देखने को मिला और लोगों ने जमकर विरोध प्रदर्शन किया।मृतका की पहचान खुशरी न्यू कॉलोनी निवासी सुबल पोद्दार की पत्नी प्रभा देवी (39) के रूप में हुई है। बताया जाता है कि वह अपने घर की छत पर स्नान के बाद कपड़ा सुखाने गई थीं। घर की छत के बेहद करीब से 11 हजार वोल्ट का हाई टेंशन तार गुजर रहा था। कपड़ा फैलाने के दौरान कपड़ा अचानक बिजली के तार से सट गया, जिससे प्रभा देवी करंट की चपेट में आ गईं और मौके पर ही उनकी मौत हो गई।
प्रभा देवी अपने पति सुबल पोद्दार, दो पुत्र चंदन और कुंदन पोद्दार के साथ तफज्जुल अंसारी के मकान में किराए पर रहती थीं।उनकी एक विवाहित पुत्री भी है। परिवार मूल रूप से जामताड़ा जिले के पालाजोड़ी स्थित गोपाला रायडीह गांव का रहने वाला है और पिछले 15-16 वर्षों से खुशरी में रह रहा था। मृतका के पति और बड़ा पुत्र निरसा के एक सोना-चांदी दुकान में कारीगर का काम करते हैं।

मृतका के बड़े पुत्र चंदन पोद्दार ने बताया कि वह दोपहर करीब ढाई बजे खाना खाने घर पहुंचे थे। मां को खोजने पर पता चला कि वह छत पर कपड़ा सुखाने गई हैं। इसी दौरान तेज आवाज सुनाई दी। जब वह दौड़कर छत पर पहुंचे तो देखा कि उनकी मां जमीन पर गिरी हुई थीं और कपड़ा बिजली के तार से सटा हुआ था। आनन-फानन में उन्हें नीचे उतारकर निरसा कांटा स्थित एक निजी नर्सिंग होम ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

घटना की सूचना मिलते ही निरसा विधायक अरूप चटर्जी, माले नेता टूटून मुखर्जी, मुखिया सपन गोराई, भाजपा नेता मनोज सिंह, कांग्रेस प्रखंड अध्यक्ष डॉ. संतोष राय समेत कई जनप्रतिनिधि और सामाजिक संगठन के लोग अस्पताल पहुंचे। स्थानीय लोगों ने बिजली विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए जमकर नारेबाजी की।

ग्रामीणों का कहना था कि निरसा क्षेत्र में कई जगहों पर घरों के बेहद करीब से हाई टेंशन तार गुजर रहे हैं, जिससे लगातार हादसों की आशंका बनी रहती है। लोगों ने इस घटना के लिए बिजली विभाग को पूरी तरह जिम्मेदार ठहराया।

हंगामे के बीच विधायक अरूप चटर्जी ने बिजली विभाग के कार्यपालक अभियंता मनोज कुमार निराला और एसडीओ नीतीश कुमार से बातचीत की। विधायक ने मृतका के परिजनों को सरकारी प्रावधान के तहत 4 से 5 लाख रुपये मुआवजा तथा तत्काल अंतिम संस्कार के लिए 10 हजार रुपये देने की मांग की। विभाग की ओर से तत्काल 10 हजार रुपये की सहायता राशि मृतका के पति को दी गई।

विधायक ने कहा कि पीड़ित परिवार को हर हाल में मुआवजा दिलाया जाएगा और जल्द ही वहां से हाई टेंशन तार को हटाकर दूसरी जगह शिफ्ट कराया जाएगा। आश्वासन के बाद ग्रामीण शांत हुए।घटना की सूचना पर निरसा पुलिस भी मौके पर पहुंची। पुलिस अधिकारी बीडी सोरेन ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए धनबाद भेज दिया।

इस संबंध में बिजली विभाग के एसडीओ नीतीश कुमार ने कहा कि घटना की जानकारी मिली है। उन्होंने मृतका के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि घटना की जांच की जा रही है और मुआवजा दिलाने का हर संभव प्रयास किया जाएगा।

error: Content is protected !!