बकरीद को लेकर राँची में पुलिस का फ्लैग मार्च, संवेदनशील इलाकों में बढ़ाई गई चौकसी
राँची में आगामी बकरीद पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने को लेकर बुधवार को व्यापक फ्लैग मार्च निकाला गया। यह मार्च वरीय पुलिस अधीक्षक राकेश रंजन के निर्देश पर विधि व्यवस्था को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से आयोजित किया गया।
फ्लैग मार्च अल्बर्ट एक्का चौक से शुरू होकर सुजाता चौक, एकरा मस्जिद, कर्बला चौक, पथलकुदवा, चर्च रोड, थड़पखना मस्जिद, लालपुर, हिंदपीढ़ी, डेली मार्केट और कोतवाली समेत कई संवेदनशील क्षेत्रों से होकर गुजरा।
इस दौरान पुलिस अधीक्षक नगर, पुलिस अधीक्षक ग्रामीण, अपर पुलिस अधीक्षक कोतवाली एवं वरीय पुलिस उपाधीक्षक नगर ने बाइक दस्ता के साथ लोअर बाजार, हिंदपीढ़ी, डेली मार्केट, चुटिया, डोरंडा, सदर और बरियातू थाना क्षेत्रों में भी फ्लैग मार्च किया।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि फ्लैग मार्च का मुख्य उद्देश्य पर्व के दौरान शांति और सौहार्द बनाए रखना, आमजन में सुरक्षा का विश्वास कायम करना तथा किसी भी आकस्मिक स्थिति से निपटने की तैयारी सुनिश्चित करना है। इस दौरान संवेदनशील इलाकों और जुलूस मार्गों में सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करते हुए प्रतिनियुक्त पुलिस बलों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
फ्लैग मार्च में स्थानीय पुलिस उपाधीक्षक, थाना प्रभारी, अन्य पुलिस पदाधिकारी एवं जवान शामिल रहे। वहीं RAF की एक कंपनी भी मार्च में मौजूद रही। पुलिस प्रशासन ने आम लोगों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि या असामाजिक तत्वों की जानकारी तुरंत पुलिस को दें।

