राँची के रातु में बिजली उपकेंद्र में चोरी, गार्ड को कमरे में बंद कर वारदात को दिया अंजाम,गार्ड ने दिखाई चालाकी,बिजली आपूर्ति बंद कर कर्मियों को बुलाया…
राँची।जिले के रातु थाना क्षेत्र अंतर्गत फुटकल टोली स्थित 33/11 केवी शक्ति उपकेंद्र में मंगलवार देर रात फिल्मी अंदाज में चोरी की बड़ी वारदात सामने आई है। 10 से 12 की संख्या में पहुंचे अज्ञात चोरों ने न केवल उपकेंद्र में घुसकर पीएसएस उपकरण और तार चैनल की चोरी की, बल्कि ड्यूटी पर तैनात गार्ड को कंट्रोल रूम में बाहर से बंद कर पूरी घटना को अंजाम दिया। इस वारदात से बिजली विभाग को करीब एक लाख रुपये के राजस्व का नुकसान हुआ है। घटना के संबंध में कनीय विद्युत अभियंता रंजीत कुमार की ओर से दर्ज प्राथमिकी के अनुसार, बीती रात करीब 11 बजे गार्ड प्रमोद मिश्रा कंट्रोल रूम में बिजली संचालन कर रहे थे। इसी दौरान 10-12 अज्ञात लोग चुपके से उपकेंद्र परिसर में दाखिल हुए और कंट्रोल रूम का दरवाजा बाहर से बंद कर दिया। जब गार्ड को इसका आभास हुआ और वे बाहर निकलने की कोशिश करने लगे, तब तक चोर पीएसएस उपकरण और तार चैनल निकालकर ले जाने लगे थे।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए गार्ड ने थाना और अधिकारियों को सूचना देने की कोशिश की, लेकिन चोरों ने उनका मोबाइल फोन भी तोड़कर क्षतिग्रस्त कर दिया था। इसके बाद मजबूरी में गार्ड ने कुछ देर के लिए बिजली आपूर्ति बाधित कर ऑफिस तक सूचना पहुंचाने का प्रयास किया। जब बिजली बाधित हुई और गार्ड से संपर्क नहीं हो पाया, तो विभागीय कर्मी मौके पर पहुंचे। तब तक चोर चोरी का सामान टेम्पू में लादकर फरार हो चुके थे। घटना की सूचना मिलने पर स्थल निरीक्षण में चोरी की पुष्टि हुई। इस मामले में झारखण्ड बिजली वितरण निगम लिमिटेड को लगभग एक लाख रुपये की क्षति आंकी गई है। इस संबंध में रातु थाना में केस दर्ज कर लिया गया है।

