13 मई से गायब युवक का जंगल में मिला कंकाल, मोबाइल और कपड़ों से हुई पहचान; इलाके में सनसनी
गढ़वा।झारखण्ड के गढ़वा जिले के चिनिया थाना क्षेत्र के मसरा गांव स्थित लामी घुटरा जंगल में बुधवार सुबह मानव कंकाल मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। केंन्दू पत्ता तोड़ने गए ग्रामीणों ने जंगल में बिखरे कंकाल के अवशेष देखे, जिसके पास क्षतिग्रस्त मोबाइल, कपड़े और बेल्ट भी पड़े थे। खबर फैलते ही मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जुट गई।
सूचना मिलने पर चिनिया थाना प्रभारी बिकू कुमार रजक पुलिस बल के साथ घटनास्थल पहुंचे और जांच शुरू की। पुलिस ने कंकाल के अवशेष, टूटे मोबाइल और अन्य सामान को कब्जे में लेकर फॉरेंसिक जांच के लिए भेज दिया है।मृतक की पहचान मसरा गांव निवासी 30 वर्षीय जय मंगल सिंह, पिता सुकन सिंह के रूप में हुई है। परिजनों ने कपड़े, बेल्ट और मोबाइल के अवशेष के आधार पर उसकी पहचान की। जय मंगल 13 मई की रात से लापता था।
परिजनों और ग्रामीणों के अनुसार, 13 मई की रात गांव में आई बारात के दौरान जय मंगल सिंह का गांव के ही सुदामा सिंह के साथ किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। इसके बाद से वह घर नहीं लौटा। मृतक के पिता सुकन सिंह ने बताया कि उन्हें लगा था कि उनका बेटा कहीं बाहर काम करने चला गया होगा, इसलिए गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज नहीं कराई गई थी।
ग्रामीणों के बीच प्रेम प्रसंग को लेकर हत्या की भी चर्चा है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। थाना प्रभारी ने त्वरित कार्रवाई करते हुए संदेही सुदामा सिंह को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।मौके पर एएसआई राधेश्याम कुमार, सुखरांव उरांव, ओम प्रकाश कुमार सहित पुलिस बल और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद थे।
थाना प्रभारी बिकू कुमार रजक ने कहा कि मामले की हर पहलू से गहन जांच की जा रही है। कंकाल के अवशेषों को फॉरेंसिक जांच के लिए भेजा गया है तथा एक संदेही को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। उन्होंने कहा कि घटना में शामिल दोषियों को जल्द गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा।

