सड़क हादसे में वार्ड पार्षद के छोटे पुत्र की मौत, परिजनों में कोहराम

​पलामू।झारखण्ड के पलामू जिले के सदर थाना क्षेत्र अंतर्गत मेदिनीनगर – औरंगाबाद मुख्य मार्ग पर रविवार की रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। यहाँ अमानत नदी पुल पर एक अज्ञात वाहन की टक्कर से मोटरसाइकिल सवार युवक कुश कुमार (22 वर्ष) की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक कुश कुमार मेदिनीनगर नगर निगम क्षेत्र के वार्ड नंबर एक की पार्षद मंजू देवी का छोटा पुत्र था।

मिली जानकारी के अनुसार, यह घटना रविवार की रात करीब आठ बजे की है। कुश कुमार अपने गृह ग्राम सिंगरा कला से किसी निजी काम के लिए अपनी अपाची बाइक से पाटन मोड़ की तरफ जा रहा था। इसी दौरान अमानत नदी पुल पर पीछे से आ रहे एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उसकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी और मौके से फरार हो गया।

​टक्कर इतनी भीषण थी कि कुश गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए घायल युवक को तुरंत मेदिनीनगर स्थित एमएमसीएच (MMCH) अस्पताल पहुँचाया। हालांकि, अस्पताल के डॉक्टरों ने प्राथमिक जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

इस अचानक हुई अनहोनी के बाद मृतक के पिता इंद्रदेव राम, माता सह वार्ड पार्षद मंजू देवी सहित परिवार के अन्य सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना के बाद से पूरे सिंगरा कला क्षेत्र और नगर निगम वार्ड नंबर एक में शोक की लहर दौड़ गई है। स्थानीय पुलिस मामले की जांच और टक्कर मारकर भागने वाले वाहन का पता लगाने में जुट गई है।

error: Content is protected !!