राँची में दबंगई: सोए हुए व्यक्ति पर चढ़ा दी गाड़ी, हालत गंभीर, आरोपी को स्थानीय लोगों ने दबोचा….
राँची।राजधानी राँची के धुर्वा थाना क्षेत्र अंतर्गत जगन्नाथपुर इलाके से दबंगों की हैवानियत का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां दबंग प्रवृत्ति के व्यक्ति ने घर के पास के मैदान में सोए हुए एक व्यक्ति पर चार पहिया वाहन चढ़ा दिया। इस घटना में व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया है। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी अपनी गाड़ी छोड़कर मौके से फरार हो गए।लेकिन स्थानीय लोगों ने एक आरोपी को दौड़ाकर पकड़ लिया और जमकर कुटाई कर दी।उसके बाद पुलिस के हवाले कर दिया है।

जानकारी के अनुसार, पीड़ित व्यक्ति भीषण गर्मी के कारण रात में अपने घर के बगल में स्थित एक खुले मैदान में सोया हुआ था। इसी दौरान इलाके के कुछ दबंग वहां एक वाहन लेकर आए। आरोप है कि उन्होंने जानबूझकर मैदान में सो रहे व्यक्ति को निशाना बनाते हुए उसके ऊपर गाड़ी चढ़ा दी।चीख-पुकार सुनकर जब तक आस-पास के लोग मौके पर जुटते,तब तक आरोपी पुलिस और जनता के डर से वाहन को वहीं छोड़कर अंधेरे का फायदा उठाते हुए भाग निकले। घटना की सूचना मिलते ही धुर्वा थाना पुलिस तुरंत दलबल के साथ मौके पर पहुंचकर, सबसे पहले लहूलुहान हालत में पीड़ित को नजदीकी अस्पताल भेजा जहां उसकी स्थिति गंभीर बनी हुई है।पुलिस ने घटनास्थल से वारदात में इस्तेमाल किए गए वाहन को जब्त कर लिया है और उसे थाने ले आई है।वहीं स्थानीय लोगों ने आरोपी को पकड़कर जमकर पिटाई के बाद पुलिस के हवाले कर दिया है।

