प्रसव के बाद महिला की मौत,परिजनों ने अस्पताल में जमकर किया हंगामा…
बोकारो।झारखण्ड के बोकारो जिले के आईटीआई मोड़ स्थित शिव अस्पताल में कथित लापरवाही से प्रसूता की मौत के बाद जमकर हंगामा हुआ। परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन पर इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए मुआवजे और कार्रवाई की मांग की है।घटना के बाद अस्पताल के सभी कर्मी, चिकित्सक और प्रबंधन के सभी लोग भाग खड़े हुए।मृतक 19 वर्षीय लक्ष्मी कुमारी चास प्रखंड के सेनाबाद गांव की रहने वाली थी।परिजनों के अनुसार लक्ष्मी कुमारी को प्रसव पीड़ा होने पर बुधवार दोपहर करीब 3 बजे शिव अस्पताल में भर्ती कराया गया था।अस्पताल के चिकित्सक और स्टाफ ने ऑपरेशन की बात कही, जिसके बाद महिला ने एक बच्ची को जन्म दिया।लेकिन प्रसव के बाद उसकी तबीयत लगातार बिगड़ने लगी।
आरोप है कि रातभर मरीज दर्द से तड़पती रही, लेकिन अस्पताल में कोई चिकित्सक मौजूद नहीं था।परिजनों द्वारा जानकारी देने के बाद अस्पताल कर्मियों ने मोबाइल फोन पर किसी से संपर्क कर इलाज शुरू किया। इसी दौरान अहले सुबह करीब पांच बजे लक्ष्मी कुमारी की मौत हो गई।परिजनों का आरोप है कि हालत गंभीर होने के बावजूद मरीज को समय पर रेफर नहीं किया गया। वहीं मौत के बाद दूसरे अस्पताल ले जाने की बात कही गई। परिजनों ने यह भी आरोप लगाया कि ब्लड चढ़ाने के नाम पर 10 हजार रुपये जमा कराने के बाद खून चढ़ाया गया।
गौरतलब है कि इससे पहले भी इसी अस्पताल में अवैध तरीके से अल्ट्रासाउंड सेंटर चलाने के आरोप में स्वास्थ्य विभाग द्वारा छापेमारी कर मशीन सील की गई थी।फिलहाल परिजन अस्पताल प्रबंधन के खिलाफ कार्रवाई और मुआवजे की मांग कर रहे हैं।
थाना प्रभारी ने बताया कि मामले की लिखित शिकायत पति राजेश महतो के द्वारा दी गई है।जांच के उपरांत मामले में उचित कार्रवाई की जाएगी। पोस्टमार्टम के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा कि किस कारण से महिला की मौत हुई है।

