आंधी-तूफान के दौरान घर पर गिरा पेड़, महिला की मौत

लातेहार।झारखण्ड के लातेहार जिले के विभिन्न प्रखंडों में बुधवार की रात जमकर आंधी-तूफान चली।तेज तूफान की चपेट में आने से बालूमाथ प्रखंड के बरवाटोला गांव में रामेश्वर गंझु के घर के ऊपर एक पेड़ गिर गया, जिसमें उनकी पत्नी सीमा देवी की मौत हो गई।इस घटना में घर को भी भारी नुकसान पहुंचा। घटना की जानकारी मिलने के बाद प्रशासनिक टीम घटनास्थल पर पहुंचकर राहत कार्य आरंभ कर दी।अचानक आए तेज आंधी-तूफान ने लगभग 10 मिनट तक भारी तबाही मचाई। बताया जाता है कि बालूमाथ प्रखंड के बरवाटोला गांव में रामेश्वर गंझु और उनके परिवार के लोग घर पर ही थे। इसी दौरान अचानक एक पेड़ घर के ऊपर गिर गया, जिसके नीचे रामेश्वर गंझु की पत्नी सीमा देवी दब गई। काफी मशक्कत के बाद उन्हें बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उनकी मौत हो गई थी।

इस दौरान, घर के बाहर खड़ी बाइक भी पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई।इसके अलावा प्रखंड में कई अन्य स्थानों पर भी पेड़ और बिजली के पोल टूट गए। कई अन्य घरों को भी आंशिक रूप से नुकसान होने की सूचना है।इधर, घटना की जानकारी मिलने के बाद वरिष्ठ सांसद प्रतिनिधि लक्ष्मण कुशवाहा गुरुवार को घटनास्थल पर पहुंचे और पूरे मामले की जानकारी ली।उन्होंने घटना की जानकारी प्रशासनिक अधिकारियों को भी दी और पीड़ित परिवार को तत्काल सहायता उपलब्ध कराने की मांग की।

घटना की जानकारी मिलने के बाद प्रखंड विकास पदाधिकारी सोमा उरांव और अंचल अधिकारी बालेश्वर राम घटनास्थल पर पहुंचे और पूरे मामले की जानकारी ली। अंचलाधिकारी बालेश्वर राम ने बताया कि मृतक के परिजनों को सरकारी प्रावधान के तहत मुआवजा राशि उपलब्ध कराई जाएगी।हालांकि तत्काल राहत के लिए मृतक के परिजनों को कुछ सहायता राशि उपलब्ध कराई जा रही है।शेष राशि कागजी प्रक्रिया पूरी होने के बाद उपलब्ध कराई जाएगी।

error: Content is protected !!