पत्नी,गर्भवती बेटी और जवान बेटे की कुल्हाड़ी से काटकर हत्या, ट्रिपल मर्डर से दहला जमशेदपुर शहर,आरोपी गिरफ्तार..जांच में जुटी है पुलिस..

 

जमशेदपुर।झारखण्ड के लौहनगरी जमशेदपुर के सिदगोड़ा थाना क्षेत्र में सोमवार तड़के रिश्तों के कत्ल की एक ऐसी वारदात हुई जिसने पूरे शहर को झकझोर कर रख दिया है।एग्रीको रोड नंबर 2 के क्वार्टर नंबर L5/13 में रहने वाले आरपी सिंह ने अपनी पत्नी,गर्भवती बेटी और बेटे की कुल्हाड़ी से वार कर नृशंस हत्या कर दी।स्थिति ये थी कि इस जघन्य हत्याकांड को अंजाम देने के बाद आरोपी आरपी सिंह ने भागने की कोशिश नहीं की। उसने खुद 112 (इमरजेंसी हेल्पलाइन) पर फोन कर पुलिस को घटना की जानकारी दी और अपना जुर्म कबूल किया। सूचना मिलते ही सिदगोड़ा थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और आरोपी को उसी के क्वार्टर से गिरफ्तार कर लिया।इस घटना में बाद शहर में सनसनी फैल गई है।

प्रत्यक्षदर्शियों और शुरुआती पुलिस जांच के अनुसार, हमला इतना भीषण था कि तीनों पीड़ितों को संभलने का मौका तक नहीं मिला।आरोपी ने अपनी पत्नी, जवान बेटे और गर्भवती बेटी पर कुल्हाड़ी से ताबड़तोड़ वार किए, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। एक साथ तीन हत्याओं की खबर फैलते ही इलाके में मातम और दहशत का माहौल व्याप्त हो गया है।

घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस विभाग की फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वायड को भी मौके पर बुलाया गया है। फॉरेंसिक विशेषज्ञों ने घटनास्थल से खून के नमूने, फिंगरप्रिंट्स और हत्या में प्रयुक्त कुल्हाड़ी को जब्त कर लिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी से पूछताछ की जा रही है ताकि इस क्रूर हत्याकांड के पीछे के असली कारणों का पता लगाया जा सके।

मिली जानकारी के अनुसार, टाटा स्टील से इसी साल फरवरी में रिटायर हुए रविंद्र प्रसाद सिंह का अपने परिवार के साथ किसी बात को लेकर विवाद चल रहा था। विवाद इतना बढ़ा कि रविंद्र सिंह ने आपा खो दिया और घर में रखी कुल्हाड़ी से अपनी पत्नी सरिता सिंह (55), बेटी सुप्रिया सिंह (31) और बेटे रविशेक कुमार (29 ) पर जानलेवा हमला कर दिया।हमले में तीनों की मौके पर ही मौत हो गई।

इस घटना का सबसे दुखद पहलू यह है कि रविंद्र सिंह की बेटी सुप्रिया शादीशुदा थी और वह गर्भवती थी। वह अपने मायके आई हुई थी। स्थानीय लोगों और प्रारंभिक जांच के अनुसार, रविंद्र सिंह इसी साल फरवरी में टाटा स्टील से सेवानिवृत्त हुए थे। रिटायरमेंट के बाद से ही घर में पैसों या अन्य कारणों को लेकर अक्सर कलह होने की बात सामने आ रही है।

error: Content is protected !!