तेज रफ़्तार में स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर पलटी,बहन की रिसेप्शन से लौट रहे इकलौते भाई की मौत,चार घायल,परिजनों में मचा कोहराम…

 

साहिबगंज।झारखण्ड के साहिबगंज जिले के राजमहल थाना क्षेत्र के बर्मन कॉलोनी निवासी देबू राजवंशी के 28 वर्षीय पुत्र दीपक राजवंशी की पश्चिम बंगाल के मालदा जिला अंतर्गत गाजोल में सड़क दुर्घटना में दर्दनाक मौत हो गई। जबकि 4 अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हैं। मृतक अपने घर का इकलौता बेटा था।प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृत युवक के बहन की शादी बीते 7 मई को पश्चिम बंगाल के गंगारामपुर में हुई थी।विवाह की सारी रस्में पूरी होने के बाद, 10 मई को आयोजित रिसेप्शन समारोह में दीपक अपने मित्रों और परिजनों के साथ शामिल होने गया था। समारोह के बाद रविवार की रात लौटने के दौरान स्कॉर्पियो (नंबर- WB 66 AC/ 3780) गाजोल नामक स्थान के पास अनियंत्रित होकर पलट गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ये हादसा दूसरे वाहन को ओवर टेक करने के दौरान हुआ। दुर्घटना इतनी भीषण थी कि दीपक राजवंशी की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, वाहन चला रहे चालक जोय बर्मन और गाड़ी में सवार गणेश बर्मन, शक्ति बर्मन और अमित बर्मन गंभीर रूप से घायल हो गए।सभी घायलों की स्थिति अत्यंत चिंताजनक बताई जा रही है। कुछ घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए कोलकाता के बड़े अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।

दीपक अपने माता-पिता का इकलौता पुत्र था। परिवार में एक भाई और एक बहन थे। बहन की तीन दिन पहले ही डोली उठी थी।परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, उन्हें विश्वास ही नहीं हो रहा कि जो भाई अपनी बहन को विदा करने गया था, वह अब इस दुनिया में नहीं रहा।सोमवार को मृतक के परिजन और मित्र शव को बंगाल से राजमहल लाने के लिए रवाना हो गए हैं। पूरे बर्मन कॉलोनी में इस हृदयविदारक घटना के बाद चूल्हा नहीं जला है।

error: Content is protected !!