दिनदहाड़े ताला तोड़कर लाखों की चोरी,जांच में जुटी है पुलिस..

 

राँची। डोरंडा थाना क्षेत्र स्थित हिनू इलाके में दिनदहाड़े चोरी की बड़ी वारदात ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। बाजपेयी पथ स्थित एक किराए के मकान का ताला तोड़कर अज्ञात चोरों ने लाखों रुपये के जेवरात और नकदी पर हाथ साफ कर दिया। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।

ताला टूटा, अंदर बिखरा सामान—देखते ही उड़े होश

पीड़ित प्रमोद कुमार (55) सुबह अपने काम पर चले गए थे, जबकि उनकी पत्नी घर में ताला बंद कर कांके चली गई थीं। दोपहर करीब 3 बजे जब प्रमोद कुमार वापस लौटे तो घर का मुख्य दरवाजा टूटा मिला। अंदर घुसते ही अलमारी और गोदरेज का लॉक टूटा हुआ था और पूरा घर बिखरा पड़ा था, जिसे देख उनके होश उड़ गए।

5 लाख के जेवर और 50 हजार कैश पर हाथ साफ

चोरों ने बड़ी सफाई से घर में रखे कीमती सामान को निशाना बनाया। सोने के नौज पिन, बालियां, मंगलसूत्र, चेन समेत चांदी के पायल, बिछिया और सिक्के गायब थे। इसके अलावा घर में रखे करीब 50 हजार रुपये नकद भी चोर ले उड़े। कुल मिलाकर करीब 5 लाख रुपये की संपत्ति चोरी होने का अनुमान है।

घटना जिस समय हुई, उस दौरान घर पूरी तरह सूना था। इससे साफ है कि चोरों ने पहले से रेकी कर वारदात को अंजाम दिया। आसपास के लोगों का कहना है कि दिनदहाड़े इस तरह की घटना से इलाके में डर का माहौल बन गया है।

पुलिस से कार्रवाई की मांग, जांच शुरू

पीड़ित ने डोरंडा थाना में आवेदन देकर अज्ञात चोरों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने के बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।

error: Content is protected !!