राँची:एक निजी कंपनी के महिला कर्मचारियों से अभद्रता व कंपनी से रंगदारी मांगने और नुकसान पहुंचाने की धमकी,मामला दर्ज…

 

 

राँची। राँची के लालपुर थाना क्षेत्र में एक निजी कंपनी से रंगदारी मांगने, महिला कर्मचारियों के साथ अभद्रता करने और कंपनी को नुकसान पहुंचाने की धमकी देने का मामला सामने आया है। नेक्सस इंडिया इंफ्रास्ट्रक्चर के सीईओ सौमेन दत्ता ने इस संबंध में लालपुर थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई है।शिकायत के अनुसार सरायकेला-खरसावां निवासी पंकज शर्मा को कंपनी में प्रशिक्षु स्टाफ सह ग्राफिक डिजाइनर/ऑडिटर के रूप में रखा गया था। जिसने प्रशिक्षण प्रमाणपत्र की आवश्यकता बताकर कंपनी जॉइन किया, लेकिन कुछ दिनों बाद उसने आना बंद कर दिया और फिर कार्यालय पहुंचकर गाली-गलौज करते हुए कंपनी को बर्बाद करने की धमकी देने लगा। आरोप है कि उसने महिला कर्मियों सुरभि सिंह और संगीता कुजूर के साथ अभद्र व्यवहार किया तथा संगीता कुजूर के खिलाफ जातिसूचक टिप्पणी भी की। शिकायत में यह भी कहा गया है कि आरोपी के पास कंपनी का लॉगिन आईडी, लोगो, अन्य गोपनीय डेटा और महिला कर्मचारियों की तस्वीरें हैं, जिनका दुरुपयोग कर कंपनी की छवि खराब करने और वित्तीय नुकसान पहुंचाने की धमकी दी जा रही है। इतना ही नहीं, आरोपी और उसके सहयोगियों द्वारा कार्यालय पहुंचकर लगातार गाली-गलौज करते हुए दो लाख रुपये की रंगदारी मांगी जा रही है। पीड़ित पक्ष का कहना है कि आरोपी अलग-अलग नंबरों से महिला कर्मचारियों को कॉल कर उन्हें डराने और मानसिक रूप से परेशान करने की कोशिश कर रहा है।सीईओ ने बताया कि वे कई बार थाने में शिकायत कर चुके हैं, लेकिन आरोपी संपर्क से बचता रहा।

error: Content is protected !!