रंगदारी व कारोबार में वर्चस्व को लेकर होटल पर चली गोली,हमलावर पर लोगों ने किया पथराव, दो गिरफ्तार,पिस्तौल बरामद़,गैंगवार की आशंका…
जमशेदपुर।झारखण्ड के जमशेदपुर शहर के धातकीडीह कुरैशी मोहल्ला में रविवार की सुबह गामा होटल पर बाइक सवार दो युवकों ने दहशत फैलाने के उद्देश्य से फायरिंग की। गोली चलाते ही हमलावर बाइक से गिर गया, इधर, गोली चलते ही स्थानीय लोग जुटने लगे।लोगों को जुटता देख हमलावर तुरंत उठा और फिर गोली चलायी।जिसके बाद बाइक पर सवार होकर भागने लगा।इस दौरान लोगों ने हमलावरों पर पथराव भी किया।
घटना सुबह करीब सात बजे की है।अचानक हुई गोली बारी से क्षेत्र में दहशत फैल गई।सूचना मिलते ही बिष्टुपुर थाना की पुलिस पहुंची।पुलिस ने दोनों हमलावर को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार युवक मो. इमरान उर्फ गोरे मानगो आजादनगर ओल्ड पुरुलिया रोड नंबर 3 और महफूज आलम शामिल हैं।पुलिस ने गिरफ्तार युवकों के पास से फायरिंग में प्रयुक्त पिस्तौल और बाइक बरामद की है। पुलिस गिरफ्तार युवकों से पूछताछ कर रही है।
इस मामले में गामा होटल के संचालक धातकीडीह कुरैशी मोहल्ला निवासी सरफराज कुरैशी उर्फ गामा ने बिष्टुपुर थाना में मो. इमरान उर्फ गोरे और महफूज आलम के खिलाफ जान मारने की नियत से गोली चलाने व धमकी देने का केस दर्ज कराया है।पुलिस इस मामले में सरफराज कुरैशी उर्फ गामा से भी पूछताछ कर रही है। पुलिस ने गामा की मोबाइल को जब्त किया है।पुलिस के अनुसार हमलावर दोनों आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है।उनसे पूछताछ की जा रही है।
अवैध प्रतिबंधित मांस की तस्करी में वर्चस्व को लेकर चली गोली:
स्थानीय लोगों के अनुसार गामा होटल पर रविवार की सुबह गोली चलने का मुख्य कारण प्रतिबंधित मांस के कारोबार में वर्चस्व है। जानकारी के अनुसार सरफराज कुरैशी द्वारा अवैध प्रतिबंधित मांस का कारोबार किया जाता है।प्रतिदिन सुबह अगल- अगल क्षेत्र से प्रतिबंधित मांस वाहनों से मंगाने के बाद उसे सप्लाई किया जाता है। इसी कारण मो. इमरान और महफूज आलम ने कारोबार में वर्चस्व व रंगदारी के लिये फायरिंग की घटना को अंजाम दिया है।
फायरिंग की घटना सीसीटीवी में कैद:
रविवार की सुबह धातकीडीह गामा होटल में हुये गोलीबारी की घटना सीसीटीवी में कैद हो गई है.फायरिंग की सूचना मिलने पर पहुंची बिष्टुपुर थाना की पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज को जब्त कर लिया है.पुलिस गिरफ्तार युवकों का आपराधिक रिकार्ड खंगाल रही है.पुलिस के अनुसार गिरफ्तार दोनों युवक के खिलाफ पूर्व में भी केस दर्ज है।

