हाईवा और बुलेट में टक्कर,बाइक सवार दो दोस्तों की दर्दनाक मौत…

 

गोड्डा।झारखण्ड के गोड्डा जिले के महगामा थाना क्षेत्र में एन एच 133 पर हुए एक भीषण सड़क हादसे में दो दोस्तों की मौत हो गई। यह घटना गम्हरिया के समीप हुई, जब दोनों बुलेट बाइक पर नुनाजोर से पथरगामा की ओर जा रहे थे।मृतक अपने एक दोस्त की शादी के लिए लड़की देखने गोड्डा की तरफ गए थे। देर रात लौटते समय एक दोस्त का फोन गुम हो गया था। रात में फोन न मिलने पर दोनों दोस्त सुबह उसे ढूंढने के लिए निकले थे।

एनएच 133 पर एक हाईवा वाहन की चपेट में आने से दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद सड़क पर सैकड़ों की संख्या में लोग जमा हो गए। स्थानीय लोगों ने तुरंत महागामा थाना को सूचना दी।सूचना मिलते ही महागामा पुलिस दल-बल के साथ घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने दोनों के शव को महागामा अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

एक प्रत्यक्षदर्शी शेख नवी ने बताया कि गोड्डा की तरफ से एक बालू लदा हाईवा आ रहा था और नुनाजोर की तरफ से दो व्यक्ति बुलेट पर सवार होकर फोर लेन NH 133 पर गलत दिशा से पथरगामा की ओर जा रहे थे, जहां तेज रफ्तार हाईवा ने टक्कर मार दी।

मृतकों की पहचान सत्यम कुमार (22 वर्ष), पिता चंद्रशेखर यादव, ग्राम नूनाजोर, थाना महगामा, जिला गोड्डा, और दूसरा विपिन कुमार मंडल, पिता अनिल मंडल, ग्राम धुआवै, थाना सनोखर, जिला भागलपुर के रूप में हुई है।विपिन कुमार मंडल पिछले कई वर्षों से अपने परिवार के साथ कटिहार में रह रहे थे। वह अपने मित्र नूनाजोर निवासी मिथुन यादव की शादी के लिए लड़की देखने आए थे।

महागामा थाना प्रभारी मनोज कुमार पाल ने बताया कि अज्ञात वाहन की चपेट में आने से दो लोगों की मौत हुई है। शवों को पोस्टमार्टम के लिए गोड्डा भेजा और पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस अज्ञात वाहन की तलाश कर रही है और आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

error: Content is protected !!