ओडिशा से कार बुक किया,खूंटी इलाके में लूटा:चालक को मीट-भात में नशीला पदार्थ मिलाकर खिलाया, बेहोश होने पर की पिटाई और कार लेकर फरार…
राँची/खूंटी।झारखण्ड के खूंटी जिले में एक सनसनीखेज घटना सामने आई है,जिसमें दो अज्ञात अपराधियों ने भाड़े की कार के चालक को नशीला पदार्थ खिलाकर बेहोश कर दिया, उसके साथ मारपीट की और उसे मृत समझकर कार लेकर फरार हो गए। घायल चालक का इलाज सदर अस्पताल, खूंटी में चल रहा है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ओड़िशा के अंगुल जिले के डेराजंगा, जरापाड़ा से दो व्यक्तियों ने एक ट्रैवल एजेंसी के माध्यम से अर्टिका कार चालक दुश्मंता साहू की कार बुक की थी। उन्होंने चालक को बताया था कि उन्हें राँची से करीब 30 किलोमीटर आगे जाना है और वहां से अपने परिवार के कुछ सदस्यों को लेकर वापस ओड़िशा लौटना है।चालक उन्हें लेकर राँची पहुंचा। यहां रिंग रोड स्थित दलादिली चौक के पास एक होटल से मीट-भात पैक कराया गया और दूसरी दुकान से मिठाइयां खरीदी गईं।इसके बाद तीनों चुकरु मोड़ के पास पहुंचे, जहां पेड़ के नीचे बैठकर खाना खाया गया।बताया जा रहा है कि भोजन करने के बाद जैसे ही चालक दुश्मंता साहू कार में बैठा, वह अचानक बेहोश हो गया। इसके बाद की घटना उसे याद नहीं है।
इधर स्थानीय लोगों की सूचना पर मौके पुलिस पहुँची और घायल अवस्था में पड़े चालक दुश्मंता साहू को उठाकर खूंटी सदर अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसका इलाज जारी है।
वहीं,घटना की जानकारी मिलते ही झारखण्ड राज्य ड्राइवर संघ ने इसे गंभीरता से लिया है। संघ के अध्यक्ष के निर्देश पर चार सदस्यीय टीम खूंटी पहुंची है, जिसमें सुनील प्रजापति, सूरज मुंडा, अजय सिंह और आकाश सिंह शामिल हैं। टीम अस्पताल में घायल चालक का हालचाल लेने के साथ पुलिस से भी संपर्क कर मामले की जानकारी जुटा रही है। इधर खूंटी के एबीवीपी नेता सौरभ कुमार भी घायल चालक की मदद में जुटे हैं।पुलिस मामले की जांच में जुटी है और फरार आरोपियों की तलाश जारी है।

