दुमका:जामा थाना क्षेत्र में झाड़ियों में मिला नवजात,ग्रामीणों ने तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया,जांच में जुटी है पुलिस…
दुमका।झारखण्ड के दुमका जिले के जामा थाना क्षेत्र अंतर्गत कामुडुमरिया गांव के बाहर जंगल-झाड़ियों के पास एक नवजात शिशु मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मंगलवार सुबह ग्रामीणों की नजर जब बच्चे पर पड़ी तो उन्होंने तुरंत इसकी सूचना जामा थाना पुलिस को दी।सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। तत्पश्चात एम्बुलेंस की मदद से नवजात को इलाज के लिए फूलो झानो मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल भेजा गया, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उसका उपचार जारी है।
ग्रामीणों के अनुसार, शिशु झाड़ियों के बीच लावारिस हालत में पड़ा हुआ था। समय रहते लोगों की नजर पड़ जाने से उसकी जान बच गई। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि नवजात को वहां किसने और किन परिस्थितियों में छोड़ा।

