धनबाद: बरवाअड्डा में जीटी रोड पर दर्दनाक हादसा,पति-पत्नी की मौत, बच्चा गंभीर
धनबाद।झारखण्ड के धनबाद जिले के जीटी रोड पर काशी टांड़ के समीप सोमवार रात करीब 10:30 बजे भीषण सड़क दुर्घटना में बाइक सवार दंपती की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनके साथ मौजूद एक मासूम बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया। बच्चे की हालत नाजुक बनी हुई है।जानकारी के अनुसार, बाइक (जेएच 10 सीआर 3134) पर सवार होकर एक पुरुष, महिला और बच्चा गोविंदपुर से बरवाअड्डा की ओर जा रहे थे। इसी दौरान काशी टांड़ के पास एक अज्ञात तेज रफ्तार वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि तीनों सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।सूचना मिलते ही बरवाअड्डा पुलिस मौके पर पहुंची और पेट्रोलिंग वाहन से सभी घायलों को तत्काल एसएनएमएमसीएच, धनबाद पहुंचाया गया। अस्पताल में डॉक्टरों ने महिला और पुरुष को मृत घोषित कर दिया, जबकि घायल बच्चे का इलाज जारी है।
मृतकों की पहचान सरस्वती देवी और राजकुमार महतो (दोनों की उम्र लगभग 37-40 वर्ष) के रूप में हुई है। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त बाइक को जब्त कर लिया है। बताया जाता है कि बाइक का पंजीकरण राजगंज थाना क्षेत्र के बगदाहा गांव निवासी सरस्वती देवी के नाम पर है।पुलिस मामले की जांच में जुटी है और अज्ञात वाहन की तलाश जारी है।

