धनबाद:पूर्वा एक्सप्रेस से गिरे पति-पत्नी गंभीर रूप से घायल…डोकरा हॉल्ट के पास हुआ हादसा,अस्पताल में भर्ती…
धनबाद।दिल्ली से हावड़ा जा रही पूर्वा एक्सप्रेस से गिरकर एक दंपती गंभीर रूप से घायल हो गया। यह घटना मंगलवार को डोकरा हॉल्ट से कुछ दूरी पर पोल संख्या 226/18 के पास हुई। दोनों को धनबाद के शहीद निर्मल महतो मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत नाजुक बनी हुई है।जानकारी के अनुसार, दंपती जनरल कोच में यात्रा कर रहा था और वॉशरूम की ओर जा रहा था। इसी दौरान पति का संतुलन बिगड़ गया और वे गिरने लगे।
पति को गिरता देख पत्नी ने उन्हें संभालने का प्रयास किया, लेकिन इस प्रक्रिया में वह भी अपना संतुलन खो बैठीं। परिणामस्वरूप, दोनों चलती ट्रेन से नीचे गिर पड़े। हादसे में उन्हें शरीर पर कई गंभीर चोटें आई हैं।घटना की सूचना मिलते ही रेलवे कंट्रोल रूम सक्रिय हो गया। रेलवे सुरक्षा बल (RPF) और राजकीय रेल पुलिस (GRP) की टीम तत्काल मौके पर पहुंची। सुरक्षा बलों ने घायलों को घटनास्थल से उठाकर एंबुलेंस के माध्यम से अस्पताल पहुंचाया।
अस्पताल में दोनों की हालत गंभीर बनी हुई है और उन्हें बेहतर इलाज के लिए रेफर करने की तैयारी की जा रही है। फिलहाल, घायलों की पहचान नहीं हो पाई है और न ही उनके निवास स्थान की जानकारी मिल सकी है।
आरपीएफ और जीआरपी मामले की जांच में जुटी हुई हैं और घायलों के परिजनों का पता लगाने का प्रयास कर रही हैं।

