गोड्डा:शादी से लौट रही वैन पेड़ से टकराई..मासूम बच्ची की मौत और आधा दर्जन लोग घायल..
गोड्डा।झारखण्ड के गोड्डा जिले के बोआरीजोर ललमटिया मुख्य पथ के मंगरा गांव के समीप शुक्रवार सुबह दर्दनाक सड़क हादसा हो गया।बारात से लौट रही मारुती इको वैन अनियंत्रित होकर ताड़ के पेड़ में जोरदार टक्कर मारते हुए पलट गई। हादसे में एक मासूम बच्ची चार वर्षीया आईजा खातून की मौत हो गई।मृतका के पिता का नाम अलीजान अंसारी है। वे बरहेट थाना क्षेत्र के डुमरिया के रहने वाले बताए जाते हैं। उक्त हादसे में अलीजान अंसारी के परिवार के आधा दर्जन से अधिक लोग घायल हो गए हैं।
सभी घायलों को सामुदायिक अस्पताल बोआरीजोर में भर्ती कराया गया, जहां डॉ. प्रणव त्रिवेदी ने प्राथमिक उपचार किया। गंभीर रूप से घायल तीन व्यक्ति को गोड्डा सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया है।
घटना बोआरीजोर थाना क्षेत्र के मंगरा मोड़ के पास हुई है। मारुती इको वैन में दस लोग सवार थे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार उक्त परिवार ललमटिया में शादी समारोह के बाद वापस बड़ा सरैया लौट रहे थे।
दुर्घटनाग्रस्त वैन डब्लू बी 74 बी यू 2681 मंगरा मोड़ के पास अचानक अनियंत्रित होकर ताड़ के पेड़ में जोरदार टक्कर मारते हुए पलट गई। वैन में सवार अधिकांश महिलाएं और बच्चे उक्त हादसे में घायल हुए है। घटना के बाद वहां अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही ग्रामीण पहुंचे।
वहीं, पुलिस टीम भी मौके पर पहुंची और घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। अस्पताल में सभी घायलों का इलाज चल रहा है।इसमें 30 वर्षीय अलीजान अंसारी पिता रमजान अंसारी, बरहेट निवासी, 12 वर्षीय आसिफ अंसारी, 25 वर्षीय मो गफ्फार, 12 वर्षीय अजमीरा परवीन, 23 वर्षीय रमीशा परवीन, 42 वर्षीय सबेरा खातून, 48 वर्षीय अजीज अंसारी और 12 वर्षीय आशिफ अंसारी शामिल है।सभी गोबाबाड़ी सिल्लीगुड़ी, बंगाल के निवासी हैं। इसमें 13 वर्षीय शाहिना परवीन की स्थिति चिंताजनक है। उसे रेफर कर दिया गया है।
पुलिस अधिकारी ने प्रारंभिक जांच के बाद बताया कि हादसे में चार साल की बच्ची की मौत हो गई है वहीं आधा दर्जन से अधिक घायल हैं। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और दुर्घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है।

