भूख का बहाना, घर साफ कर गया नाबालिग..राँची में चौंकाने वाली चोरी

-खाना मांगकर घर में घुसा, कुछ ही देर में लाखों के जेवर-नकदी लेकर फरार, अब तलाश में जुटी पुलिस

राँची। राजधानी राँची में चोरी का एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है, जहां एक नाबालिग लड़के ने भूख का बहाना बनाकर घर में प्रवेश किया और कुछ ही देर में लाखों जेवरात व नकदी लेकर फरार हो गया। घटना लालपुर थाना क्षेत्र के पीएनटी कॉलोनी, पानी टंकी के पास की है। मामले में प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस अब आरोपी की तलाश में जुट गई है। पीड़िता डेजी रजनी डुंगडुंग (46) के अनुसार दोपहर करीब डेढ़ बजे ईंट फेंकने की आवाज सुनकर उन्होंने दरवाजा खोला। इस दौरान करीब 13 से 15 वर्ष का एक लड़का घर में घुसने की कोशिश कर रहा था। पूछने पर उसने बताया कि उसे भूख लगी है। इसके बाद महिला ने उसे बाहर कर दिया। कुछ देर बाद जब वह घर के पीछे गईं तो नल टूटा हुआ पाया। उसे ठीक करने के बाद जब वह वापस कमरे में पहुंचीं तो देखा कि सामने वाले कमरे का दरवाजा खुला है और गोदरेज से सामान गायब है। चोरी हुए सामान में करीब 10.900 ग्राम सोने की चेन, सोने की दो जोड़ी बाली, एक जोड़ी झुमका, एक अंगूठी, 15 हजार रुपये नकद और दो मोबाइल फोन शामिल हैं। मोबाइल में एक रियलमी और एक आईटेल सेट था, जिनमें सिम भी लगा हुआ था। घटना के बाद लालपुर थाना में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस को आशंका है कि शहर में नाबालिगों का एक गिरोह सक्रिय है, जो घरों की रेकी कर इस तरह की वारदात को अंजाम दे रहा है।

error: Content is protected !!