राँची में क्रिकेट विवाद में खूनी खेल,पहले हुई चाकूबाजी फिर पथराव और गोलीबारी..कई हिरासत में …

 

राँची।राजधानी राँची के सुखदेव नगर थाना अन्तर्गत पंडरा ओपी क्षेत्र में गुरुवार को अपराधियों ने बड़ी घटना को अंजाम दिया है पंडरा ओपी क्षेत्र के बैंक कॉलोनी स्थित विकास नगर में गुरुवार की दोपहर करीब 1 बजकर 14 मिनट पर भाजपा नेता अनिल पाण्डेय के आवास के बाहर गोलीबारी हुई इसके बाद पथराव किया गया। घटना के बाद इलाके में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी मच गयी।

मिली जानकारी अनुसार दिव्यांशु मिश्रा नामक एक शख्स दोपहर में ओटीसी ग्राउंड पर खड़ा था।इस दौरान कुछ लोग वहां पर आए और खड़े रहने की वजह पूछकर उन पर चाकू से हमला कर दिया।जिसके बाद फायरिंग हुई।वहीं, भाजपा नेता अनिल पांडेय का दावा है कि हमलावरों ने करीब 10 राउंड गोलियां चलाईं।हालांकि, कुछ स्थानीय लोगों का कहना था कि हमले के बाद उन्होंने खुद भी अपने लाइसेंसी राइफल से जवाबी फायरिंग की थी।

सूचना के मुताबिक विवाद की जड़ 24 मार्च को ओटीसी ग्राउंड में क्रिकेट के दौरान हुई कहासुनी है।यह विवाद धीरे-धीरे बढ़ गया। खेल के बीच बिरला मैदान के पास रहने वाले एक युवक को अनिल पांडेय के बेटे मंतोष पाण्डेय के दोस्तों ने चाकू मारकर घायल कर दिया था। घटना से आक्रोशित मधुकम के रहने वाले आर्यन मेहता और मोनू खलखो बदले की भावना से कुछ युवकों के साथ विकास नगर पहुंचे और मंतोष पाण्डेय के घर पर हमला कर दिया। हमलावरों ने घर पर जमकर पथराव किया, जिससे आसपास के लोगों में दहशत फैल गयी।

स्थानीय लोगों के अनुसार,क्रिकेट खेलने को लेकर हुआ विवाद गुरुवार को हिंसक झड़प में बदल गया। छात्रों के दो गुटों के बीच हुए विवाद के बाद दोनों गुटों के बीच जमकर मारपीट हुई, जिसमें दोनों तरफ से पत्थरबाजी भी हुई।हैरानी की बात यह है कि इस झगड़े के दौरान कई राउंड गोलियां चलीं। हालांकि, पुलिस का दावा है कि सिर्फ दो राउंड गोलियां चलीं। स्थानीय लोगों ने बताया कि अचानक बड़ी संख्या में लोग बैंक कॉलोनी पहुंचे और आपस में लड़ने लगे। झगड़े के दौरान पत्थरबाजी भी हुई और फिर देखते ही देखते कुछ लोगों ने फायरिंग कर दी।बैंक कॉलोनी में रहने वाले लोगों ने पुलिस को दो गुटों के बीच हिंसक झड़प की जानकारी दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए ग्रामीण एसपी, सिटी एसपी और कोतवाली डीएसपी दलबल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने तुरंत जांच शुरू की और आधा दर्जन से ज्यादा उपद्रवियों को हिरासत में लिया।उनसे पूछताछ की जा रही है।

इस संबंध में सिटी एसपी का कहना है कि मामले की बारीकी से जांच की जा रही है।इसके लिए आस-पास में लगे सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जायेंगे।फिलहाल चार युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।दूसरी तरफ मंतोष और उनके साथी से सुखदेव नगर थाना की पुलिस पूछताछ कर रही है।नगर पुलिस अधीक्षक ने आश्वस्त किया है कि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जायेगी।

error: Content is protected !!