दुमका के होटल में मदरसा शिक्षक की संदिग्ध मौत, महिला हिरासत में,पूछताछ कर रही पुलिस

दुमका।झारखण्ड में दुमका में नगर थाना क्षेत्र के दुधानी टॉवर चौक स्थित एक होटल से पुलिस ने संदिग्ध परिस्थितियों में एक व्यक्ति का शव बरामद किया है। मृतक की पहचान गोड्डा जिले के बोआरिजोर थाना अंतर्गत सकरीकित्ता रामपुर निवासी मो. सादिक हुसैन अंसारी के रूप में हुई है।घटना के बाद इलाके में चर्चा का माहौल है।पुलिस को गुरुवार को होटल कर्मियों द्वारा घटना की सूचना दी गई।सूचना मिलते ही नगर थाना की टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए फूलो झानो मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेज दिया। साथ ही, मृतक के साथ होटल में ठहरी एक महिला को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी गई है।

हिरासत में ली गई महिला ने अपनी पहचान राधिका राय के रूप में बताई है, जो बोआरिजोर थाना क्षेत्र के बनगांव की रहने वाली है।प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, मृतक और महिला दोनों ही विवाहित हैं और आपसी संबंध के कारण दुमका पहुंचे थे, जहां वे होटल में ठहरे हुए थे।

महिला के बयान के मुताबिक, सादिक खाना खाने के बाद कमरे में लौटा, जिसके कुछ ही देर बाद उसकी तबीयत अचानक बिगड़ गई। वह तड़पने लगा और फिर कुछ समय बाद शांत हो गया।महिला ने पहले उसे सोया हुआ समझा, लेकिन जब काफी देर तक कोई हरकत नहीं हुई तो उसने शोर मचाकर होटल कर्मियों से मदद मांगी।

पुलिस ने मृतक के परिजनों को सूचना दे दी है।परिजनों के अनुसार, सादिक पेशे से मदरसा शिक्षक था। फिलहाल पुलिस परिजनों के आने का इंतजार कर रही है और मामले में आगे की कार्रवाई पोस्टमार्टम रिपोर्ट व परिजनों के लिखित आवेदन के आधार पर की जाएगी

error: Content is protected !!