साहिबगंज कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी, छावनी में तब्दील हुआ परिसर,जांच में जुटी है पुलिस…
साहिबगंज।झारखण्ड के साहिबगंज सिविल कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद पूरे कोर्ट परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सुरक्षा को देखते हुए जज, अधिवक्ता और कर्मियों को तुरंत इजलास से बाहर निकालकर सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया गया और पूरे परिसर को सुरक्षा घेरे में ले लिया गया।सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक,एसडीपीओ, जिला मुख्यालय डीएसपी, सर्किल इंस्पेक्टर और थाना प्रभारी समेत भारी संख्या में पुलिस बल मौके पर पहुंच गया। देखते ही देखते कोर्ट परिसर छावनी में तब्दील हो गया। सुरक्षा इतनी कड़ी कर दी गई कि हर 5 फीट की दूरी पर एक जवान की तैनाती की गई।
वहीं,बम निरोधक दस्ता और डॉग स्क्वायड की टीमों ने पूरे परिसर की सघन जांच शुरू कर दी। संदिग्ध वस्तुओं की तलाश के लिए आधुनिक उपकरणों का इस्तेमाल किया गया। एहतियात के तौर पर कोर्ट परिसर में प्रवेश पूरी तरह नियंत्रित कर दिया गया और आने-जाने वाले हर व्यक्ति की जांच की गई।सूचना मिलते ही उपायुक्त हेमंत सती भी मौके पर पहुंचे और सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। फिलहाल किसी विस्फोटक की पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन प्रशासन किसी भी प्रकार का जोखिम लेने के मूड में नहीं है।बम स्क्वॉड और डॉग स्क्वॉड की टीमों ने पूरे न्यायालय परिसर की बारीकी से जांच की। हर कोने को खंगाला गया और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी गई। हालांकि प्रारंभिक जांच में किसी प्रकार का विस्फोटक पदार्थ नहीं मिला है, जिससे थोड़ी राहत जरूर मिली है।
इसके बावजूद सुरक्षा व्यवस्था को पूरी तरह सख्त रखा गया है। पुलिस ने आसपास के इलाकों में भी गश्त बढ़ा दी है और तकनीकी टीमों को धमकी भरी ईमेल के स्रोत का पता लगाने में लगाया गया है।प्रशासन ने लोगों से अफवाहों से बचने और शांति बनाए रखने की अपील की है। अधिकारियों का कहना है कि स्थिति नियंत्रण में है और हर पहलू से जांच जारी है।
“साहिबगंज व्यवहार न्यायालय को बम से उड़ाने की धमकी भरी मेल आने के बाद सुरक्षा व्यवस्था पुख्ता कर दी गई है। भारी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई है। पुलिस अधीक्षक स्वयं सुरक्षा की कमान संभाल रखे हैं। किसी प्रकार की हताहत की कोई खबर नहीं है, सब कुछ सुरक्षित है।”–हेमंत सती,उपायुक्त, साहिबगंज
“कोर्ट परिसर में बम हमले की सूचना मिलते ही हमारी पुलिस और स्क्वॉड टीम तुरंत मौके पर पहुंच गई। पूरे परिसर को सुरक्षा घेरे में ले लिया गया। जज और कोर्ट कर्मियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है। सुरक्षा की पूरी कमान स्वयं संभाल रखी है। किसी प्रकार की कोई हताहत नहीं है और बाहर से आए लोगों को भी सुरक्षित निकाल लिया गया है।”–अमित कुमार सिंह,पुलिस अधीक्षक, साहिबगंज

