किन्‍नर से मांगी रंगदारी,नहीं देने पर घर में घुस पहले बेरहमी से पीटा,फिर दुष्‍कर्म की कोशिश की….

जमशेदपुर।झाएखण्ड के पूर्वी सिंहभूम जिले के बर्मामाइंस थाना अंतर्गत सिदो-कान्हो बस्ती के रहने वाले एक किन्नर ने घर में घुसकर दुष्कर्म करने का प्रयास करने का मामला गर्म हो गया। जानकारी मिलते ही दर्जनों की संख्या में किन्नरों ने सोमवार की दोपहर बर्मामाइंस थाने पर आरोपी पर कार्रवाई करने के लिए जमकर हंगामा किया।किन्नरों ने बताया कि पीड़िता किराये के मकान में रहती है। सोमवार की सुबह अचानक से ईदु नामक व्यक्ति अपने कुछ साथियों के साथ उसके कमरे में घुस गए। आरोपी पहले रंगदारी के रूप में रुपये मांगे, पैसे नहीं देने पर उसकी पिटाई करने लगे। यही नहीं जबरन दुष्कर्म करने का भी प्रयास किया।

घटना की जानकारी मिलते ही किन्नर समाज एकजुट हो गए। इसके बाद किन्नर समाज के लोगों ने पहले तो अपने बस्ती में बैठक कर रणनीति बनाया। इसके बाद सभी बर्मामाइंस थाने पर पहुंच गए। थाने में आराेपी ईदु और उसके साथियों पर कार्रवाई करने के लिए हंगामा करने लगे।

इधर जानकारी मिलते ही थाना प्रभारी मौके पर पहुंच गए और किन्नरों से लिखित आवेदन लिया और आश्वासन दिया कि आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इसके बाद ही किन्नर समाज के लोग थाने से हटे।

गौरतलब है कि यह कोई ऐसी पहली घटना नहीं है, बल्कि इस तरह की खबरें अक्‍सर सामने आती रहती हैं। बीते साल उत्‍तर प्रदेश के कन्‍नौज शहर से एक ऐसा मामला सामने आया था, जिसमें एक किन्नर ने पीलीभीत के एक युवक पर शादी के बाद भाई और रिश्तेदार के साथ मिलकर दुष्कर्म करने व मतांतरण के लिए दबाव बनाने का आरोप लगाया था। इतना ही नहीं, युवक पर किन्‍नर से लूटपाट करने का भी आरोप लगा। इस घटना में किन्‍नर ने आरोप लगाया था कि शादी से पहले युवक ने पहले खुद को हिंदू बताया था, जबकि शादी के बाद इस्‍लाम कुबूल करने का दबाव बनाने लगा।