पुलिस ने किया 2 अपराधियों का एनकाउंटर,पैर में मारी गोली, 4 राउंड हुई फायरिंग

पटना।बिहार के सिवान में बुधवार को सीवान-पटना मलमलिया मुख्य मार्ग पर बसंतपुर थाना इलाके के लहेजी गांव के पास पुलिस और अपराधियों के बीच मुठभेड़ हुई। गुप्त सूचना के आधार पर वाहन चेकिंग के दौरान पुलिस ने दो शातिर अपराधियों के मंसूबों को चकनाचूर कर दिया।बाइक पर सवार दोनों बदमाश पुलिस को देखते ही भागने लगे, लेकिन यह भूल गए कि अब पुलिस भी पूरी तैयारी और रणनीति के साथ मैदान में उतर चुकी है।पीछा किए जाने पर अपराधियों ने पुलिस पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। इस दौरान करीब चार राउंड गोलियां चलाई गईं। लेकिन पुलिस ने बिना देर किए जवाबी फायरिंग की और दोनों अपराधियों को भागने का कोई मौका नहीं दिया। नतीजा यह हुआ कि दोनों के पैर में गोली लगी।

घायल अपराधियों की पहचान बड़हरिया थाना इलाके के सदरपुर निवासी 25 साल के रोहित कुमार शर्मा और चौकी हसन गांव निवासी 19 साल के रोहित कुमार कुशवाहा उर्फ रिशु के रूप में हुई है। दोनों को पुलिस ने तत्काल हिरासत में लेकर सदर अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए पटना रेफर कर दिया गया। पुलिस अभिरक्षा में एम्बुलेंस से उन्हें भेजा गया।

इसके साथ ही पूछताछ में जो खुलासे हुए हैं, वे चौंकाने वाले हैं।रोहित कुमार शर्मा ने कबूल किया है कि वह बसंतपुर के खोड़ीपाकड़ ज्वेलरी दुकान लूटकांड के साथ-साथ हाल ही में हुए अरुण ज्वेलर्स लूटकांड में भी शामिल रहा है।इतना ही नहीं, वह इंटर स्टेट स्तर पर एक्टिव रहा है और बगोरा, हैदराबाद सहित कई इलाकों में लूट की वारदातों को अंजाम दे चुका है।जबकि उसका साथी रोहित उर्फ रिशु भी अरुण ज्वेलर्स लूटकांड में शामिल रहा है।यानी पुलिस ने सिर्फ दो अपराधियों को नहीं पकड़ा, बल्कि एक बड़े आपराधिक नेटवर्क की परतें खोल दी हैं। डॉक्टर आलोक कुमार सिन्हा के अनुसार, रोहित शर्मा को दोनों पैरों में गोली लगी है, जबकि रिशु के बाएं पैर में घुटने के नीचे गोली आर-पार हो गई है। प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को बेहतर इलाज के लिए पटना भेजा गया है।

error: Content is protected !!