धनबाद:अफवाह पर भिड़े दो गुट, थानेदार से धक्का-मुक्की के बाद पुलिस का लाठी चार्ज…

 

धनबाद।झारखण्ड में धनबाद जिले के बलियापुर के सिंगियाटांड़ गांव में सोमवार को एक अफवाह की वजह से दो समुदाय आमने-सामने आ गये। हालांकि पुलिस की तत्परता और स्थानीय लोगों की समझदारी से एक बड़ा टकराव होते-होते टल गया। घटना सुबह करीब 11 बजे की बतायी जा रही है। गांव में एक बछड़े का सिर और पैर मिलने की खबर तेजी से फैल गयी, जिससे देखते ही देखते तनाव का माहौल बन गया।सूचना मिलते ही थाना प्रभारी सत्यजीत कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक दोनों पक्षों के लोग आमने-सामने आ चुके थे।

स्थिति को नियंत्रित करने के दौरान कुछ असामाजिक तत्वों ने माहौल को और भड़काने की कोशिश की। इस दौरान थाना प्रभारी के साथ धक्का-मुक्की भी हुई।हालात बिगड़ते देख पुलिस को हल्का लाठीचार्ज करना पड़ा।इसके बाद घटनास्थल पर जमा भीड़ तितर-बितर हो गयी।

घटना की गंभीरता को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल को तुरंत तैनात किया गया। सीओ मुरारी नायक और डीएसपी आशुतोष सत्यम मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया।बाद में सिटी एसपी ऋत्विक श्रीवास्तव भी गांव पहुंचे और अधिकारियों को सतर्क रहते हुए मामले की गहन जांच के निर्देश दिये।

डीएसपी आशुतोष सत्यम ने बताया कि कुछ असामाजिक तत्वों द्वारा माहौल बिगाड़ने की कोशिश की गयी थी, लेकिन पुलिस की तत्परता और दोनों समुदायों की समझदारी से स्थिति को नियंत्रण में कर लिया गया।उन्होंने कहा कि दोषियों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जायेगी।

एहतियात के तौर पर सिंगियाटांड़ में भारी पुलिस बल की तैनाती कर दी गयी है ताकि किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके। वहीं, घटना की सूचना पर भाजपा नेत्री तारा देवी अपने समर्थकों के साथ गांव पहुंचीं और प्रशासन से निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। फिलहाल गांव में स्थिति सामान्य बतायी जा रही है, लेकिन प्रशासन पूरी तरह सतर्क है और पूरे मामले पर नजर बनाये हुए है।

error: Content is protected !!