Ranchi:मोरहाबादी में महिला से मंगलसूत्र झपटकर फरार हुए बाइक सवार बदमाश…
-शादी समारोह में शामिल होने पहुंची महिला को बनाया निशाना, पल्सर सवार दो अपराधियों ने वारदात को दिया अंजाम
राँची राजधानी राँची में छिनतई की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। ताजा मामला मोरहाबादी क्षेत्र का है,जहां शादी समारोह में शामिल होने पहुंची एक महिला से बाइक सवार बदमाशों ने मंगलसूत्र झपट लिया और फरार हो गए। मिली जानकारी के अनुसार कोतवाली थाना क्षेत्र के लाइन टैंक रोड, फिरायालाल चौक स्थित रामाकृष्ण अपार्टमेंट की रहने वाली रेणु देवी (40) रात करीब 9:40 बजे अपने परिवार के साथ मोरहाबादी स्थित अभिवादन बैंक्वेट हॉल में एक शादी समारोह में शामिल होने पहुंची थीं। महिला के अनुसार वे गाड़ी से उतरकर सड़क पर खड़ी ही थीं कि इसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार में पल्सर मोटरसाइकिल पर सवार दो युवक आए और उनके गले में पहना मंगलसूत्र झपटकर फरार हो गए। घटना इतनी अचानक हुई कि महिला और उनके साथ मौजूद लोग कुछ समझ ही नहीं पाए। वारदात के बाद महिला ने लालपुर थाने में मामला दर्ज कराया है।

