बच्चा चोरी की अफवाह में ग्रामीणों ने एक विक्षिप्त महिला की पीट-पीटकर हत्या,पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी में जुटी
गुमला।झारखण्ड के गुमला जिले के बिशुनपुर प्रखंड के लबगा लापु गुड़ियाडार गांव में बच्चा चोरी की अफवाह के बाद भीड़ ने एक विक्षिप्त महिला की पीट-पीटकर हत्या कर दी। यह घटना रविवार देर रात हुई। महिला को निर्वस्त्र कर रस्सी से बांधकर पीटने की बात सामने आई है।पुलिस के अनुसार, पिछले कुछ दिनों से इलाके में बच्चा चोरी की अफवाहें फैल रही थीं। इसी दौरान रविवार रात करीब 12 से 1 बजे के बीच एक मानसिक रूप से अस्वस्थ महिला गांव में घूमती हुई दिखाई दी। ग्रामीणों ने उसे संदिग्ध मानकर शोर मचाया, जिसके बाद मौके पर भीड़ जमा हो गई।भीड़ ने महिला से कोई पूछताछ नहीं की और उसकी बेरहमी से पिटाई शुरू कर दी। महिला लगातार खुद को निर्दोष बताती रही, लेकिन भीड़ ने उसकी बात नहीं सुनी। घटना की सूचना मिलने पर बिशुनपुर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल महिला को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया। हालांकि, सोमवार को इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
एसडीपीओ सुरेश प्रसाद यादव ने बताया कि शव को सोमवार को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस मामले की गहन छानबीन कर रही है और महिला के परिजनों की तलाश की जा रही है। उन्होंने यह भी कहा कि इस घटना में जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
वही इस मामले पर एसडीपीओ सुरेश प्रसाद यादव ने कहा कि लगभग 20 अज्ञात लोगों पर प्राथमिकी दर्ज कराई गयी है और पुलिस छानबीन कर रही है।उन्होंने कहा कि जांच में दोषी पाए जाने पर ऐसे लोगों के ऊपर कार्रवाई की जाएगी।वहीं गुमला एसपी हरीश बिन जमां के द्वारा कहा गया कि बच्चा चोरी जैसी अफवाहों से सभी लोग दूर रहें और ऐसी भ्रामक खबर भी नहीं फैलाएं।इस तरह का कोई भी मामला सामने आता है तो तुरंत प्रशासन को सूचना दें 24 घंटे पुलिस तत्पर है।

