Ranchi:रेन्ट एग्रीमेंट के नाम पर दस्तावेज लेकर जीएसटी व बैंक खाता खोलने की ठगी, दो पर केस
राँची। रेंट एग्रीमेंट कराने के नाम पर मकान मालिक से दस्तावेज लेकर उसका दुरुपयोग कर जीएसटी और बैंक खाता खोलने का मामला सामने आया है। इस संबंध में अरगोड़ा थाना में कांड संख्या 59/2026 दर्ज कर लिया गया है। प्राथमिकी दर्ज की गई है। हरमू हाउसिंग कॉलोनी निवासी सत्येन्द्र कुमार (58) ने पुलिस को दिए आवेदन में बताया कि 11 नवंबर 2025 को अभिषेक कुमार और रोहन कुमार उनके पास आए और ऑफिस के लिए मकान किराये पर लेने की इच्छा जताई। रेंट एग्रीमेंट कराने के नाम पर दोनों ने उनसे पैन कार्ड, आधार कार्ड और बिजली बिल की कॉपी ले ली। बाद में उन्होंने व्हाट्सएप के माध्यम से भी अपने दस्तावेज भेज दिए। आरोप है कि इसके बाद दोनों आरोपियों ने दस्तावेजों का दुरुपयोग करते हुए उनके पते पर जीएसटी नंबर और उद्यम रजिस्ट्रेशन करवा लिया तथा एक बैंक में करंट अकाउंट भी खुलवा लिया। पीड़ित के अनुसार यह जीएसटी और उद्यम रजिस्ट्रेशन मो. इमरोज खान के नाम से कराया गया है, जिसे वह नहीं जानते हैं और न ही कभी उसे मकान किराये पर दिया है।

