राँची में होली के दिन लगी भीषण आग, टेंट हाउस का गोदाम जलकर हुआ राख

 

राँची।राजधानी राँची के लालपुर थाना क्षेत्र में बुधवार को उस समय अफरा-तफरी का माहौल बन गया, जब होली के दिन एक टेंट हाउस के गोदाम में भीषण आग लग गई आग की लपटें इतनी तेज थीं कि देखते ही देखते पूरे इलाके में धुएं का गुबार छा गया। घटना के बाद स्थानीय निवासियों में हड़कंप मच गया और लोग सुरक्षा की दृष्टि से अपने घरों से बाहर निकल आए।घटना की जानकारी मिलते ही अग्निशमन विभाग को सूचित किया गया। सूचना पाकर दमकल की गाड़ियां तुरंत मौके पर रवाना हुईं,लेकिन गोदाम तक जाने वाला रास्ता काफी संकरा था और रास्ते में कई अवरोध मौजूद थे।इस वजह से दमकल के बड़े वाहन घटनास्थल के करीब नहीं पहुंच सके। प्रशासनिक मदद पहुंचने में हो रही देरी और संकरी गली की समस्या को देखते हुए स्थानीय लोगों ने खुद मोर्चा संभाला। मोहल्ले के युवाओं और बुजुर्गों ने एकजुट होकर बाल्टियों से पानी डालना शुरू किया और उपलब्ध संसाधनों की मदद से आग की लपटों को आसपास के घरों में फैलने से रोका।काफी मशक्कत के बाद, स्थानीय लोगों और फायर फाइटर्स के संयुक्त प्रयास से आग पर काबू पाया गया। प्रारंभिक जांच में आग लगने का मुख्य कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। गोदाम के अंदर भारी मात्रा में कपड़े, बांस और प्लास्टिक का सामान होने के कारण आग ने तेजी से विकराल रूप ले लिया था।

error: Content is protected !!